विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और प्रतिष्ठानों पर IT विभाग का छापा

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Wed, 25 Feb 2026 01:01 PM (IST)Updated: Wed, 25 Feb 2026 01:12 PM (IST)

IT Raid in UP:  उमाशंकर सिंह के प्रतिष्ठानों पर अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर हलचल मच गई है। फिलहाल जांच जारी है।

HighLights

  1. पीडब्ल्यू के बड़े काम करती है उमांशकर सिंह की फर्म 

  2. बलिया के रसड़ा से लगातार तीसरी बार विधायक 

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक के ‍उमाशंकर सिंह के आवास और प्रतिष्ठानों पर बुधवार को इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने छापा मारा। कैंसर से पीड़ित उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा से लगातार तीसरी बार विधायक हैं।

बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया, सोनभद्र, वाराणसी व लखनऊ स्थित आवासों के साथ ही सहयोगियों के घरों पर आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को छापेमारी की। टीम ने बसपा विधायक के रसड़ा क्षेत्र स्थित खनवर के नए मकान व प्लांट, बहादुरपुर स्थित मकान, रसड़ा स्थित स्काई होटल समेत उनके सहयोगी भूपेन्द्र सिंह के आवास पर छापे मारकर छानबीन की।

बलिया के नरहीं थाना स्थित दौलतपुर गांव में भी एक सहयोगी के यहां जांच की जा रही है। बलिया में सुबह 50 से ज्यादा अफसर कई गाड़ियों से विधायक के आवास पहुंचे। इसके बाद अफसर फाइलें, इलेक्ट्रानिक डिवाइस और रिकार्ड शाम तक खंगालते रहे। बताते हैं कि अगस्त 2025 में आई कैग की रिपोर्ट में राजफाश हुआ था कि उनकी कंपनी ने 33,604 घनमीटर गिट्टी का अवैध खनन किया। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई हो रही है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सोनभद्र में विधायक के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर भी आयकर विभाग ने दबिश दी। साथ ही क्रशर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह समेत पांच अन्य खनन व्यवसायियों के घरों और कार्यालयों पर भी एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक टीम बैंक खातों, लेन-देन के रिकार्ड, जीएसटी से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय कागजातों की गहन पड़ताल कर रही है। आयकर विभाग के संयुक्त निदेशक (जांच) प्रांजल सिंह के निर्देशन में टीम में शामिल लगभग 200 अधिकारियों ने एक साथ सुबह 11 बजे यह छापेमारी शुरू की है। अभी जांच की कार्रवाई चल रही है। वाराणसी और लखनऊ में भी विधायक के ठिकानों पर छापेमारी की गई।

लखनऊ में तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारियों और पुलिस फोर्स के साथ इनकम टैक्स की टीमों ने गोमती नगर में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर छापा मारा है। आवास और कार्यालय पर इनकम टैक्स विभाग की बड़ी छापेमारी में 50 से अधिक अधिकारियों की टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं।

आयकर विभाग ने यह छापेमारी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास के साथ-साथ बलिया समेत अन्य स्थानों पर भी की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब सात बजे तीन गाड़ियों से आयकर टीम उनके घर पहुंची और दस्तावेजों व रिकार्ड की जांच शुरू कर दी। इस दौरान घर में आने-जाने पर रोक लगा दी गई। टीम ने कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में भी लिए हैं।

उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से 2022 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वह गंभीर रूप से कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित आवास पर रहकर इलाज करा रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।

पिछले वर्ष विजिलेंस विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। हालांकि, आयकर विभाग की इस ताजा कार्रवाई का उस जांच से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

बलिया में भी छापेमारी

उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग के अफसर बुधवार सुबह कई गाड़ियों से पहुंचे। बलिया पुलिस भी साथ है। टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। आने-जाने पर रोक लगा दी है। अफसर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- IT Raids पर बसपा विधायक उमाशंकर के पक्ष में उतरे Yogi Adityanath सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बसपा विधायक के बलिया स्थित प्लांट के अंदर भी ईडी व पुलिस पहुंची हैं, हालांकि बाहर से गेट बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा।

यह भी पढ़ें- बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग का छापा, बलिया-लखनऊ में खंगाले दस्तावेज