सर जी! हमें शहरी गरीब आवास आवंटित हुआ लेकिन महीनों बाद भी कब्जा नहीं मिला, लखनऊ डीएम ने तुरंत कराया काम
कलेक्ट्रेट में महिला शिकायत निराकरण दिवस में डीएम अभिषेक प्रकाश ने दो महिलाएं जो दस महीने से शहरी गरीब आवास के लिए विभागों के चक्कर काट रहीं थीं उनकी समस्याओं का फौरन निस्तारण करवाया और उन्हें आवास में कब्जा भी दिलवाया। जिलाधिकारी ने दस और शिकायतों का निस्तारण किया।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री से लेकर सरकार के तमाम बड़े अधिकारी लगातार विभागों को समय पर आवेदनों के निस्तारण का निर्देश दे रहे हैं लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बढ़ती ही जा रही है। दो महिलाएं 10 महीने से आवास के लिए चक्कर लगा रही थीं। शहरी गरीब आवास आवंटित होने के बावजूद कब्जा नहीं दिया जा रहा था।
कलेक्ट्रेट में महिला शिकायत निराकरण दिवस में उन्होंने डीएम अभिषेक प्रकाश को प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने उनकी समस्याओं का फौरन निस्तारण करवाया और उन्हें आवास में कब्जा भी दिलवाया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने दस और शिकायतों का निस्तारण किया। नगीना देवी और फूलमती सोनकर ने जिलाधिकारी के सामने पेश होकर बताया कि उन्हें शहरी गरीब आवास आवंटित हुआ है, लेकिन दस महीने बाद भी कब्जा नहीं मिला।
सरकारी कर्मचारी रोजाना नए बहाने बनाकर कब्जा नहीं दे रहे हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तलब कर फौरन दोनों महिलाओं को उनके आवास पर कब्जा दिलवाया। इसके अलावा चरित्र प्रमाण-पत्र के लिए बेबी सैनी, नेहा सिंह, नीलम यादव, कंचन सिंह ने प्रार्थना पत्र दिए। इनके भी चरित्र प्रमाण-पत्र जारी करवाए गए। अजरा बानो और कुंता सक्सेना ने विधवा पेंशन संबंधी शिकायत दर्ज करवाई, जिसका निस्तारण करवाया गया। इसके साथ ही जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने पिछले निराकरण दिवस में आई शिकायतों का फीड बैक भी पीड़ितों से फोन पर लिया।
66 महिलाएं शिकायत लेकर पहुंची
- कलेक्ट्रेट 12 प्रकरण
- सीडीओ कार्यालय 18 प्रकरण
- तहसील सदर 6 प्रकरण
- तहसील बीकेटी 5 प्रकरण
- तहसील मलिहाबाद 4 प्रकरणत
- तहसील सरोजनीनगर 2 प्रकरण
- तहसील मोहनलालगंज 19 प्रकरण