यूपी में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, सिर्फ वीकेंड पर हुई 2.65 करोड़ रुपये की वसूली
उत्तर प्रदेश में सप्ताहांत के सड़क हादसों में शराब पीकर वाहन चलाने के मामले आम दिनों की तुलना में अधिक ...और पढ़ें

शनिवार-रविवार को हुए सड़क हादसों में शराब पीकर वाहन चलाने के मामले ज्यादा। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में शनिवार व रविवार को अवकाश वाले दिनों में हुए सड़क हादसों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की संख्या आम दिनों की तुलना में ज्यादा थी। यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2023-24 और 2024-2025 में हुईं सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में यह तथ्य उजागर हुआ है।
इस तथ्य के सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने शरीब पीकर वाहन न चलाने के बारे में नागरिकों को जागरूक करने के लिए ‘आपरेशन मीट एंड ग्रीट’ अभियान शुरू किया है। एडीजी यातायात एवं सड़क सुरक्षा ए सतीश गणेश ने बताया कि इस अभियान के तहत यातायात निदेशालय द्वारा बीती नौ व 10 मई को राज्य के 135 टोल प्लाजा पर नाके लगाकर वाहन चालकों की जांच की गई।
इस दौरान 69,683 वाहनों की जांच की गई तथा शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में 2,654 वाहन चालकों पर 2.65 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया और चालान किए गए। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर यातायात निदेशालय द्वारा यह शुरू किए गए इस अभियान के दौरान टोल प्लाजा पर प्रत्येक लेन के लिए समर्पित जांच टीमें नियुक्त की गईं।
इन टीमों को टार्च, रिफ्लेक्टिव जैकेट, बाडी वार्न कैमरा, लाउड हेलर व ब्रेथ एनालाइजर उपलब्ध कराए गए। अभियान के दौरान निर्माण सामग्री ढोने वाले डंपर व ट्रकों की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट का मौके पर ही सत्यापन किया गया।
इस अभियान में यातायात, नागरिक पुलिस व होमगार्ड के कुल 3,645 अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया था।मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में रक्त में अल्कोहल की मात्रा 30 एमजी प्रति 100 एमएल से अधिक होने पर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है।
पहली बार पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड या छह माह कारावास का प्रविधान है। वहीं दोबारा पकड़े जाने पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड, दो वर्ष का कारावास या दोनों का प्रविधान है।
यह भी पढ़ें- गौर यमुना सिटी में छात्र-छात्राओं का शराब पीकर हंगामा, सुरक्षा गार्ड से मारपीट और जमकर की तोड़फोड़
