विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कफ सीरप मामला: 48 घंटे की कस्टडी रिमांड पर मुख्य आरोपित भूपेंद्र, STF ने पूछे 70 सवाल

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Wed, 28 Oct 2026 05:29 AM (IST)

कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध कारोबार के मुख्य आरोपित भूपेंद्र सिंह चौहान से एसटीएफ ने 48 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. भूपेंद्र सिंह चौहान 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर।

  2. एसटीएफ ने अवैध कफ सीरप कारोबार पर 70 सवाल पूछे।

  3. दुबई के मुख्य सरगना शुभम जायसवाल का नेटवर्क जांच रही एसटीएफ।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध कारोबार की कड़ियां जोड़ने में जुटी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 100 से अधिक स्टाकिस्टों को सीरप की आपूर्ति करने के आरोपित भूपेंद्र सिंह चौहान से पूछताछ शुरू कर दी है। 48 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिए गए भूपेंद्र को मंगलवार सुबह 10 बजे लखनऊ जेल से एसटीएफ कार्यालय लाया गया।

पहले दिन उससे करीब 70 सवाल पूछे गए। एसटीएफ का जोर सीरप की खरीद-बिक्री, बिलिंग और आपूर्ति शृंखला के साथ ही इस नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका उजागर करने पर है। पूछताछ के दौरान भूपेंद्र के सामने कई दस्तावेज रखे गए। एसटीएफ ने उससे इन दस्तावेजों के स्रोत, उनकी प्रामाणिकता और बिलिंग से जुड़े सवाल किए। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विभिन्न स्टाकिस्टों तक सीरप की आपूर्ति किन फर्मों के माध्यम से की गई और इस पूरी व्यवस्था में कौन-कौन लोग शामिल थे।

यह भी पता लगाएगी STF

पूछताछ के दौरान भूपेंद्र ने कुछ सवालों पर दस्तावेज देखने के बाद सहमति जताई, जबकि कई सवालों के जवाब में याद नहीं होने की बात कही। एसटीएफ दस्तावेजों और पहले जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसके जवाबों का मिलान कर रही है। जांच टीम का विशेष जोर दुबई में बैठा मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने पर है। एसटीएफ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कारोबार में कौन व्यक्ति कब और किस भूमिका में शामिल हुआ।

दवा कारोबारी अमित गुप्ता और आसिफ से जुड़े संपर्कों, लेनदेन तथा सीरप की आपूर्ति में उनकी कथित भूमिका को लेकर भी भूपेंद्र से सवाल किए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व में दाखिल चार्जशीट से जुड़े तथ्यों के आधार पर भी पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य आरोपितों की भूमिका स्पष्ट करने के साथ आपूर्ति शृंखला में छूट रही कड़ियों को जोड़ा जा सके।

यह भी पढ़ें- UP MLC Result LIVE: यूपी की 11 सीटों पर आने लगे रुझान, मेरठ में भाजपा की जीत, आगरा में सपा को बढ़त, मतगणना जारी

भूपेंद्र की 48 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंगलवार सुबह 10 बजे से गुरुवार सुबह 10 बजे तक है। इस अवधि में एसटीएफ उससे मिली जानकारी के आधार पर दस्तावेजों, स्टाकिस्टों और संबंधित दवा कारोबारियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।