डिमांड पूरी न होने पर पत्नी का गला दबाया, चार माह पहले हुई थी शादी Lucknow News
लखनऊ में दहेज लोभी ने पत्नी को गला दबाकर मार डाला। पति गिरफ्तारए ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज। चार महीने पहले ही हुई थी शादी।
लखनऊ, जेएनएन। थाना क्षेत्र में दहेज लोभी पति ने शादी के चार महीने बाद ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। दहेज न मिलने पर वह पत्नी को पीटता था। पुलिस ने आरोपित ससुरालीजनों पर दहेज हत्या की एफआइआर दर्ज करके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला
गोसाईंगंज के कबीरपुर गांव निवासी जगजीवन प्रसाद गौतम के बेटे चंदन की शादी छह जून को नगराम के पुरहिया गांव निवासी स्व. संतराम की बेटी पूजा (20) के साथ हुई थी। पूजा के भाई शैलेंद्र ने बताया कि शादी के बाद चंदन दो लाख नकद, सोने की चेन समेत अन्य दहेज की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करने लगा। मायके की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पूजा प्रताड़ित होती रही। शुक्रवार की रात चंदन व परिवारजनों ने दहेज को लेकर पहले पूजा को पीटा फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग पूजा की ससुराल पहुंचे।
गले पर थे कसाव के निशान
शैलेंद्र ने बहन का शव देखने के बाद गोसाईगंज थाने में तहरीर दी। मृतका के गले पर कसाव के निशान भी बने थे। शैलेंद्र ने बताया कि चंदन ने गमछे से पूजा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। एसओ गोसाईंगंज डीके उपाध्याय ने बताया कि शैलेंद्र ने आरोपित पति चंदन, ससुर जगजीवन राम, जेठ दिलीप, सास प्रेमवती व देवर नीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, अभी अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी शेष है।