मानव तस्करी दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा संगठित अपराध
महिला आयोग ने मानव तस्करी पर आयोजित की गोष्ठी। मंत्री रीता बहुगुणा ने विकृत मानसिकता को बताया तस्करी का कारण।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने बुधवार को मानव तस्करी पर एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया। इस अवसर पर आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने बताया कि मानव तस्करी दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा संगठित अपराध है। बोलीं, यह देश की बड़ी समस्या है। हम कन्या भू्रण हत्या जैसे अपराधों पर पूर्ण रूप से रोक लगाकर, जागरूकता फैलाकर, रोजगार के अवसर बढ़ाकर तथा कानून का पूर्ण रूप से पालन कराकर ही इसपर काबू पा सकते हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला कल्याण मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि विकृत मानसिक मानव तस्करी का सबसे बड़ा कारण है। सरकार इसे रोकने का पूरा प्रयास कर रही है। वहीं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल ने कहा कि दुनिया में जिस्म फरोशी के लिए 80 प्रतिशत जबकि 20 प्रतिशत बंधुआ मजदूरी के लिए मानव तस्करी होती है।
महिला आयोग की सदस्य सचिव सी. इन्दुमती ने कन्या सुमंगला योजना के शुभारंभ की जानकारी दी। गोष्ठी में मानव सेवा संस्थान सेवा गोरखपुर के संचालक राजेश मणि, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, सचिव, उत्तर प्रदेश मानव अधिकार आयोग के कर्ण सिंह चौहन, कमल सक्सेना, एसपी मानवाधिकार आयोग विजय ढुल एवं सदस्य महिला आयोग सुनीता बंसल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।