Lockdown 3.0 in Lucknow: अब बेघरों की थाली में होगा संपूर्ण भोजन, खाने में मिलेगी ये वैराइटी
Lockdown 3.0 in Lucknow हर दिन दोनों टाइम दिए जाने वाले भोजन की अधिकतम लागत 40 रुपये।
लखनऊ [अजय श्रावस्तव]। Lockdown3.0 in Lucknow: लॉकडाउन की मार झेल रहे बेघरों को अब संपूर्ण भोजन मिलेगा। पूड़ी-सब्जी, तरही, छोला-चावल के बजाय अब दाल, चावल, रोटी या पूड़ी और सब्जी मिलेगी। गरमा-गर्म यह भोजन थाली में दिया जाएगा। यह भोजन किन लोगों को मिलेगा, वह भी तय हो गया। ऐसे लोगों को एक थाली और एक गिलास भी दिया जाएगा। थाली और गिलास पर नंबरिंग होगी, जिससे वह सुरक्षित रहे।
हर दिन दोनों टाइम दिए जाने वाले भोजन की अधिकतम लागत 40 रुपये (एक टाइम) रखी गई है। भोजन में समय-समय पर बदलाव होता रहेगा, जिससे कोई हर दिन चावल, दाल, रोटी, सब्जी खा-खाकर ऊब न जाए। यह भोजन बेघर , प्रवासी श्रमिक, लॉकडाउन में फंसे हुए लोगों, राहत कैंप में शरण लिए लोगों को ही उपलब्ध कराया जाएगा। सुबह 11 बजे तक और शाम को छह से रात नौ बजे के बीच भोजन दिया जाएगा। अगर कोई तैयार भोजन लेने से मना करेगा तो अब ऐसे पात्र लोगों को अनाज उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर आयुक्त डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी के मुताबिक, प्रदेश सरकार की तरफ से बेघर, प्रवासी श्रमिक, लॉकडाउन में फंसे हुए लोगों, राहत कैंप और अन्य स्थलों पर शरण लिए लोगों को संपूर्ण भोजन देने का निर्णय लिया गया है, जो पूरे प्रदेश में लागू है। इसका खर्च सरकार राहत कोष से देगी। लखनऊ में भी भोजन वितरण के लिए कमेटी बनाई गई है।