UP Board: 10वीं और 12वीं की टीवी पर पाठशाला, घर में लगी गणित-विज्ञान की कक्षाएं
UP Board सूबे में पहली बार दूरदर्शन पर चलीं यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की कक्षाएं। गणित-विज्ञान समेत चली चार कक्षाएं कहीं मोबाइल तो कहीं टीवी पर देखी।
लखनऊ, जेएनएन। UP Board: राजधानी समेत सूबे में शुक्रवार को पहली बार दूरदर्शन के स्वयं प्रभा चैनल पर 10वीं और 12वीं की कक्षाओं का प्रसारण शुरू हुआ। शासन की ओर से यह व्यवस्था इसलिए की गई, ताकि लॉकडाउन के दौरान छात्र-छात्राओं का कोर्स न पिछड़े। क्योंकि 10वीं और 12वीं के बच्चों को सत्र 2020-21 की बोर्ड परीक्षा देनी है। इस लिए दूरदर्शन पर कक्षाओं के प्रसारण की खास व्यवस्था उनके लिए की गई है। पहले दिन 10वीं और 12वीं की गणित, विज्ञान की चार कक्षाओं का प्रसारण हुआ। कक्षाओं का प्रसारण सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक हुआ। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक रिपीट टेलीकॉस्ट किया जाएगा।
चैनल के बारे में जानकारी न होने पर निराश हुए बच्चे
राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के छात्र 10वीं के छात्र प्रदीप, अनस, शुभांशु, नसरुल्लाह और 12वीं के मो. अनस, अभिषेक कुमार शर्मा, अानंद कुमार रावत, पुरुषोत्तम समेत अन्य विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं चैनल के बारे में जानकारी न होने के कारण निराश रहें। वह टीवी के सामने बैठकर रिमोर्ट से चैनल बदलते रहें पर उन्हें यह पता नहीं चल सका कि किस चैनल पर प्रसारण चल रहा है। इस पर जुबिली कॉलेज के बच्चों ने अपने टीचरों को फोन कर जानकारी की। उन्होंने शिक्षाधिकारियों से पूछा पर वह भी नहीं बता सके कि किस नंबर पर स्वयं प्रभा चैनल आता है। कई शिक्षाधिकारियों ने उन्हें डीटीएच पर 22 नंबर बताया। कुछ बच्चों ने इस तरह देखा पर अन्य कंपनियों के केबल पर किस नंबर पर स्वयं प्रभा चैनल आता है यह किसी को जानकारी नहीं थी। कुछ बच्चों ने मोबाइल पर ऑनलाइन जाकर चैनल पर कक्षाओं का प्रसारण देखा।
छात्राएं बोली अच्छी रही क्लास काफी कुछ सीखने को मौका मिला
कुम्हरावां इंटर कॉलेज की 10वीं की छात्रा कुसुम, आयुषि, कृतिका और सिवानी ने बताया कि उन्होंने मोबाइल पर अॉन लाइन क्लास का प्रसारण देखा। कक्षाएं बहुत अच्छे से चलीं पहली कक्षा में आयुष्मान सर ने रासायनिक अभिक्रियाओं के बारे में पढ़ाया। उसके बाद निधी पॉलीवाल मैडम की इंटर की गणित की क्लास थी। उसके बाद पवन तिवारी सर ने गणित की क्लास ली जिसमे वास्तविक संख्याएं भाग एक के बारे में बताया। अंत में आयुष्मान सर ने 12वीं की क्लास के लेक्चर का प्रासरण हुआ। पहली बार यह व्यवस्था की गई पर काफी कुछ समझ में आया। दिक्कत यह रही कि चैनल खोजने में दिक्कत हुई।
क्या कहते हैं अफसर ?
लखनऊ डीआइओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह के मुंताबिक, पहला दिन था इस लिए कुछ बच्चों को चैनल खोजने में दिक्कत हुई। उनके शिक्षकों को बताया जा रहा है। आगे से यह दिक्कत नहीं होगी। जिन बच्चों ने क्लास अटैंड की वह काफी खुश हैं। नई व्यवस्था है इससे कम से कम बच्चों का कोर्स नहीं पिछड़ेगा।
इन शिक्षकों के लेक्चर एपीसोड का हुआ प्रसारण
- आयुष्मान द्विवेदी, कक्षा 10 की रसायन विज्ञान का लेक्चर एपीसोड।
- निधि पॉलीवाल, कक्षा 12 गणित विषय का लेक्चर एपीसोड।
- पवन तिवारी, कक्षा 10, गणित विषय का लेक्चर एपीसोड।
- आयुष्मान द्विवेदी, कक्षा 12, रसायन विज्ञान का लेक्चर एपीसोड।