विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में चर्चा में ‘दशानन रावण’ के होर्डिंग और पोस्टर, सनातनी रक्षा दल ने विभिन्न चौराहों पर लगवाए; Video Viral

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:02 PM (IST)

Bharat Virodhi Dashanan Ravan: लखनऊ की सड़कों पर दशहरे से पहले ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें विपक्षी नेताओं को रावण बताया गया है।

HighLights

  1. राजधानी में ‘सनातन भारत के विरोधी रावण’ के होर्डिंग और पोस्टर के वीडियो वायरल

  2. दस चेहरों में माफिया और भारत के नेताओं के साथ एलन मस्क का भी चेहरा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : दशहरा यानी विजयादशमी के पहले की राजधानी के विभिन्न चौराहों पर रविवार को रावण के दस चेहरों वाले होर्डिंग और पोस्टर्स चर्चा में हैं। इनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं। इन पोस्टरों के जरिए विपक्ष और इंडिया गठबंधन (India Alliance) को सनातन विरोधी करार दिया गया है, जिसके चलते राजनीतिक गलियारों में भारी विरोध और हंगामा देखने को मिला है।

राजधानी लखनऊ में दशहरा से पहले 'सनातन भारत के विरोधी रावण' लिखे विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। सनातन रक्षा संगठन ने जो होर्डिंग और पोस्टर लगाए हैं उनमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एलन मस्क तक की तस्वीरें हैं। संगठन का आरोप है कि पोस्टर में दिखाए गए लोग भारत विरोधी बयान देने और देश में तख्तापलट का ख्वाब देखने वाले हैं।

माफिया अतीक अहमद को मुख्य रावण के तौर पर दिखाया गया

पोस्टर में माफिया अतीक अहमद को मुख्य रावण के तौर पर दिखाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर, बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस, जॉर्ज सोरोस, वकील प्रशांत भूषण और माफिया मुख्तार अंसारी की तस्वीरें भी रावण के सिरों पर लगाई गई हैं।

लखनऊ में दशहरा से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। यहां अलग-अलग चौराहों पर 'भारत विरोधी दशानन रावण' नाम से पोस्टर लगाए गए हैं। सनातन रक्षा संगठन संस्था ने ये पोस्टर लगाए हैं, जिसमें रावण के दस सिरों पर अलग-अलग लोगों की तस्वीरें लगाई गई हैं।

सभी किसी न किसी रूप में भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल 

संस्था का आरोप है कि पोस्टर में दिखाए गए सभी लोग किसी न किसी रूप में भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। एलन मस्क को इसलिए शामिल किया गया है, क्योंकि हाल ही में उन्होंने स्टारलिंक को लेकर कई टिप्पणियां की हैं।

माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी भी भारत विरोधी 

वहीं पाकिस्तान समर्थक मानी जाने वाली अमेरिकी सांसद इल्हान उमर की फोटो भी लगाई गई है। मोहम्मद यूनुस पर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगता रहा है। जॉर्ज सोरोस पर भारत के लोकतंत्र में दखलंदाजी का आरोप अक्सर लगता रहा है, इसलिए उनकी तस्वीर भी इस पोस्टर में है। अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे माफिया को भी भारत विरोधी बताकर पोस्टर में जगह दी गई है।