Notorious Criminal Vikas Dubey: विकास दुबे के दिल्ली में आत्मसमर्पण करने की संभावना, हाई अलर्ट पर एसटीएफ की दो टीमें
Most Wanted Criminal Vikas Dubey ढाई लाख के इनामी विकास दुबे के दिल्ली में सरेंडर करने की सूचना पर उत्तर प्रदेश एसटीएफ की दो टीमें हाई अलर्ट पर हैं।
लखनऊ, जेएनएन। कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में दो-तीन जुलाई की रात बिकरू गांव में एक सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपित विकास दुबे पांच दिन से फरार है। ढाई लाख के इनामी विकास दुबे के दिल्ली में सरेंडर करने की सूचना पर उत्तर प्रदेश एसटीएफ की दो टीमें हाई अलर्ट पर हैं। इसके साथ ही दिल्ली तथा एनसीआर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश व हरियाणा के जिलों में भी उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमों ने डेरा डाल दिया है। पुलिस का प्रयास दुर्दांत विकास दुबे की गिरफ्तारी का है।
विकास दुबे की तलाश में लगीं पुलिस की टीमों को उसके दिल्ली या एनसीआर में छुपे होने का इनपुट मिला है। इस सूचना के बाद से गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमों के साथ एसटीएफ की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। इसको लेकर दिल्ली में कोर्ट के पास सतर्कता भी बढ़ा दी गई है। विकास दुबे के वकीलों ने इस बाबत अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली में वह किस कोर्ट में आत्मसमर्पण करेगा, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस विकास दुबे को आत्मसमर्पण का मौका ही नहीं देना चाहती। दिल्ली में सरेंडर के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन देना होगा। इसकी प्रक्रिया में एक-दो दिन से लेकर सप्ताह भर का समय लग सकता है। यूपी पुलिस की एसटीएफ बीते 48 घंटे से दिल्ली पुलिस के साथ संपर्क में है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल भी विकास दुबे को पकडऩे की कोशिश में जुट गई है। यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी एक-दूसरे के साथ संपर्क में हैं। विकास दुबे को सबसे अधिक डर एनकाउंटर का है। ऐसे में वह चाहता है कि किसी भी तरह से वह पुलिस के चंगुल में न आ सके।
दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्ग पर विकास दुबे के पोस्टर्स लगाए गए हैं। बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा तथा गाजियाबाद की प्रमुख सड़कों पर पोस्टर्स लगे हैं। सभी थानों की पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है जबकि हर टोल प्लाजा पर मोस्ट वांटेड विकास दुबे के पोस्टर लगे हैं।