विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दहेज हत्या के अनुमान पर इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 30 वर्ष पुराने मामले में सजा की रद

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:48 PM (GMT+05:30)

Allahabad High Court: पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर में लगी चोट बताया गया था। कोर्ट ने कहा कि कुएं में गिरने के दौरान ट्यूबवेल पाइप से सिर टकराने से भी यह चोट लग सकती है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ 

HighLights

  1. लखनऊ बेंच ने कहा-मौत से ठीक पहले उत्पीड़न साबित हो तभी लागू होगा दहेज हत्या का अनुमान

  2. एफआईआर में स्कूटर की मांग का जिक्र नहीं, 12 दिन बाद दर्ज हुई थी रिपोर्ट

विधि संवाददाता, लखनऊ। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने दहेज हत्या के मामलों में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 304-बी के तहत दहेज हत्या का अनुमान तभी लागू हो सकता है, जब अभियोजन यह साबित करे कि महिला की मौत से ठीक पहले उसे दहेज की मांग को लेकर क्रूरता या उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। केवल दहेज उत्पीड़न का सामान्य आरोप पर्याप्त नहीं है। इस आधार पर कोर्ट ने करीब 30 वर्ष पुराने मामले में तीन आरोपियों की सजा रद कर उन्हें बरी कर दिया।

न्यायमूर्ति मनोज बजाज ने शिव नारायण उर्फ सूर्य नारायण, जय नारायण और पटेश्वर की अपील स्वीकार करते हुए फैजाबाद के अपर सत्र न्यायाधीश-द्वितीय द्वारा 30 अप्रैल 1996 को सुनाई गई दोषसिद्धि और 13 मई 1996 को सुनाई गई सजा निरस्त कर दी।

ट्रायल कोर्ट ने तीनों को धारा 498-ए, 304-बी, 201 और 120-बी आइपीसी के तहत दोषी ठहराया था। मामला उर्मिला की वर्ष 1991 में हुई मौत से जुड़ा था। अभियोजन के अनुसार 19/20 सितंबर 1991 की रात उर्मिला लापता हुई थी। 21 सितंबर को उसका शव ससुराल के पास स्थित कुएं से बरामद हुआ। आरोप लगाया गया था कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया।

कोर्ट ने पाया कि शव बरामद होने के समय मृतका के पिता और अन्य करीबी रिश्तेदारों ने कुएं में डूबने की आशंका जताई थी। उस समय हत्या या दहेज हत्या का आरोप नहीं लगाया गया था। घटना के 12 दिन बाद दो अक्टूबर 1991 को एफआइआर दर्ज की गई, लेकिन इस देरी का पर्याप्त स्पष्टीकरण अभियोजन नहीं दे सका।

दहेज में स्कूटर मांगने का आरोप एफआइआर या जांच के दौरान दर्ज बयानों में नहीं था। यह आरोप पहली बार ट्रायल के दौरान मृतका के माता-पिता की गवाही में सामने आया। मृतका ने जीवनकाल में दहेज उत्पीड़न की कोई शिकायत भी नहीं की थी।

पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर में लगी चोट बताया गया था। कोर्ट ने कहा कि कुएं में गिरने के दौरान ट्यूबवेल पाइप से सिर टकराने से भी यह चोट लग सकती है। अभियोजन हत्या के तरीके या घटनास्थल को साबित करने वाला कोई ठोस चिकित्सकीय या अन्य साक्ष्य पेश नहीं कर सका।

दहेज मृत्यु की कानूनी धारणा लागू करने की आवश्यक शर्त पूरी नहीं हुई और संदेह का लाभ देते हुए तीनों आरोपियों को बरी कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती 2016: रिक्त पदों पर अतिरिक्त परिणाम जारी करने की मांग हाई कोर्ट से खारिज

यह भी पढ़ें- 'पुलिस की कहानी गलत...', UP Police के हाफ एनकाउंटर पर हाई कोर्ट सख्त, श्रावस्ती केस की जांच CBI को सौंपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।