Move to Jagran APP

हेलो जागरण : सर्दियों में चाय की जगह करें तीन कप गर्म पानी का सेवन, जनिए फायदे Lucknow News

लखनऊ हेलो जागरण कार्यक्रम में सर्दियों में सेहत का रखें खास ख्‍याल। विशेषज्ञ चिकित्‍सक से मौसम से बचाव को लेकर खास बातचीत।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Thu, 12 Dec 2019 06:30 PM (IST)Updated: Fri, 13 Dec 2019 08:08 AM (IST)
हेलो जागरण : सर्दियों में चाय की जगह करें तीन कप गर्म पानी का सेवन, जनिए फायदे Lucknow News
हेलो जागरण : सर्दियों में चाय की जगह करें तीन कप गर्म पानी का सेवन, जनिए फायदे Lucknow News

लखनऊ, जेएनएन। सर्दी का मौसम वैसे तो बेहद खुशगवार होता है क्योंकि इसमें फल, सब्जियां और गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थ खूब मिलते हैं। इनका सेवन कर पूरे साल सेहतमंद रहा जा सकता है। लेकिन, इस मौसम में कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। जुकाम, खांसी, बुखार जैसे रोग जहां हर उम्र के लोगों को प्रभावित करते हैं, वहीं थोड़ी सी लापरवाही सांस और हृदय रोगियों के लिए भी परेशानी पैदा करती है। साथ ही इस मौसम में बुजुर्गों को जोड़ों का दर्द परेशान करता है। ऐसे में ठंड के दिनों में सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी हो जाता है। सर्दियों में दिल व सांस के रोगी अपनी सेहत का ख्याल कैसे रखें? और ठंड से बचाव के क्या उपाय करें? पाठकों के ऐसे तमाम सवाल आए, जिनका जवाब देने के लिए दैनिक जागरण कार्यालय में गुरुवार को हेलो जागरण कार्यक्रम में बलरामपुर अस्पताल के सेवानिवृत्त निदेशक डॉ. शोभनाथ मौजूद रहे।

loksabha election banner

सवाल : मेरी उम्र 22 साल है। जुकाम। खांसी से परेशान हूं। रात में ज्यादा दिक्कत होती है। आंख से पानी भी बहता है। क्या करूं।

[भूपेंद्र कुमार वर्मा, लखीमपुर खीरी]

जवाब : अगर बार-बार ऐसा होता है तो हो सकता है, आपको किसी चीज से एलर्जी हो। एक बार एलर्जी टेस्ट कराइए।

सवाल : मेरी उम्र 40 साल है। इस मौसम में ठंड से कैसे बचा जाए।

[प्रदीप कुमार, काकोरी]

जवाब : दास्ताने, मोजे और गर्म कपड़े पहनें। इन्फ्लुएंजा का इंजेक्शन लगवाएं।

सवाल : मैं 74 वर्ष का हूं। अस्थमा का मरीज हूं। सीने की हड्डियों में दर्द बहुत होता है। क्या करूं।

[कृष्ण कुमार, नानपारा]

जवाब : खुद को जाड़े से बचाइए। गर्म कपड़े पहनिए। बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनिए।

सवाल : मेरी उम्र 55 साल है। दैनिक व्यायाम करना कितना जरूरी है। मैं दंड-बैठक करता हूं। यह रोज या हफ्ते में कितना जरूरी होता है।

[रमाशंकर वाजपेयी, रायबरेली]

जवाब : हफ्ते में चार दिन भी कर लेंगे तो फायदा होगा। मगर व्यायाम कम से कम 40 मिनट तक करना चाहिए। सरल, सहज और उम्र के हिसाब से व्यायाम करना चाहिए।

सवाल : मैं 70 वर्ष का हूं। मुझे कब्ज की शिकायत है। रात में पेशाब भी ज्यादा आता है।

[रामशंकर मिश्रा, सुलतानपुर]

जवाब : इस मौसम में खान-पान पर ध्यान दें। अमरूद, सलाद खूब खाएं और पानी का खूब सेवन करें। कब्ज के लिए रात में पानी के साथ इसबगोल की भूसी लें।

सवाल : मैं 40 वर्ष का हूं। दिल्ली में फेफड़ों का ऑपरेशन कराया था। एक ही लंग काम कर रहा है। ठंड में थोड़ी-थोड़ी देर में सीने में दर्द होता है, क्या करूं।

[नीरज अवस्थी, पिहानी]

जवाब : शरीर की क्षमता के अनुसार काम करें। ताकत वाले काम कम करिए। दौड़-भाग कम करें।

सवाल : मेरी उम्र 24 साल है। छह-सात दिनों से खांसी और बुखार है। गाड़ी चलाकर लौटने पर दिक्कत ज्यादा होती है।

[दिवाकर लोहानी, निलमथा, कैंट]

जवाब : ठंड से बचिए। नमक के पानी से गरारा करिए। गाड़ी चलाकर घर लौटने के बाद गर्म पानी की भाप लें।

सवाल : मेरी उम्र 25 साल है। पिछले डेढ़ महीने से खांसी की समस्या है। पूरा शरीर गर्म रहता है। सिरप भी फायदा नहीं कर रहा।

[अमीरुद्दीन अंसारी, बलरामपुर]

जवाब : लंबे समय से खांसी आना टीबी के लक्षण हो सकते हैं, सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराएं।

सवाल : मेरी उम्र 48 साल है। मेरे माता-पिता को हाथ-पैरों में दर्द की दिक्कत है।

[अरुण कुमार अग्रवाल, डालीगंज]

जवाब : उम्र के साथ शरीर में विटामिन डी व कैल्शियम की कमी होने लगती है। उनकी विटामिन डी की जांच कराएं।

सवाल : मेरी उम्र 60 साल है। पिछले कुछ दिनों से मेरे कान में आवाज हो रही है। शुगर भी है। क्या चावल, मिठाई व दही-बड़ा खा सकती हूं।

[शशि कपूर, लखनऊ]

जवाब : मीठा या दही-बड़ा स्वाद के लिए खा सकती हैं। चावल खा सकती हैं। डायबिटीज में 1600 कैलोरी लेनी चाहिए।

सवाल : मेरी उम्र 37 साल है। मेरे शरीर के बाएं हिस्से में कभी-कभी करंट जैसा महसूस होता है। दिल की सारी जांचें भी करा चुका हूं। रिपोर्ट नार्मल हैं।

[शिवम श्रीवास्तव, इंदिरानगर]

जवाब : हो सकता है, यह नर्व की प्रॉब्लम हो। आप न्यूरो के किसी डॉक्टर को दिखाइए।

सवाल : मेरी उम्र 28 साल है। खांसी, जुकाम नहीं जा रहा है। योग भी करता हूं।

[वीरभान सिंह, हरदोई]

जवाब : चेस्ट फिजीशियन को दिखाकर जांच कराएं।

सवाल : मैं 42 वर्ष की हूं। जाड़ों में दिक्कत होती है। नाक में खुजली होती है। पपड़ी जम जाती है और सीने में खर-खर की आवाज होती है।

[भावना, रकाबगंज]

जवाब : नाक पर कोई चिकनी क्रीम लगाएं। सीने में जो आवाज आती है, उसके लिए चेस्ट फिजीशियन को दिखाएं।

सवाल : मैं 72 वर्ष का हूं। शरीर में दर्द व अकडऩ रहता है। बुखार भी है। कुछ दिन पहले भर्ती हुआ था। शुगर व बीपी बढ़ा था पर अब ठीक है। शरीर में अकडऩ नहीं जा रही है।

जवाब : विटामिन डी और यूरिक एसिड की जांच कराएं।

सवाल : मेरी उम्र 44 साल है। सर्दी में दमा व सांस की बीमारियों से कैसे बचा जाए।

[राजेश कुमार अरोड़ा, आलमबाग]

जवाब : एलर्जी की जांच कराएं। धूल और धुएं से बचें। जांच के बाद डॉक्टर की सलाह पर खाएं-पीएं।

सवाल : मेरी उम्र 69 साल है। ठंड में जुकाम जल्दी हो जाता है। क्या करूं।

[बसंत सिंह, गोमतीनगर]

जवाब : सर्दी से बचें, सुबह-शाम भाप लें। धूल और धुएं से दूर रहें। गुनगुना पानी पीएं।

सवाल : मेरी उम्र 75 साल है। बीपी की शिकायत है। हाल में दवा शुरू की है।

[कस्तूरी लाल, आलमबाग]

जवाब : समय पर दवाएं खाएं। चटनी, अचार, नमक का सेवन कम करें।

सवाल : मेरी उम्र 45 साल है। सर्दी की शुरुआत होते ही सांस फूलने की समस्या हो जाती है। दाहिने घुटने में भी दर्द होता है।

[अनुपमा श्रीवास्तव, बाराबंकी]

जवाब : स्नोफीलिया हो सकता है। ब्लड की जांच कराइए। घुटने के दर्द के लिए हड्डी के डॉक्टर को दिखाएं।

सवाल : मेरी उम्र 21 साल है। बुखार, खांसी-जुकाम की समस्या है। जांच कराई तो सब नॉर्मल निकला, क्या करूं।

[विपिन कुमार शर्मा, लखीमपुर खीरी]

जवाब : किसी सरकारी अस्पताल में पेशाब, कल्चर और किडनी फंक्शन की जांच कराइए।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

  • जुकाम हो। बुखार के साथ अगर सांस भी फूले तो इसमें लापरवाही न बरतें। इन लक्षणों के दिखते ही डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।
  • लंबी खांसी हो। यानी 15 दिन से ज्यादा अगर खांसी आ रही हो तो कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जांच, इर्थो साइट सेगमेंटेशन रेट (ईएसआर) जांच और चेस्ट एक्सरे कराएं।

ऐसे करें बचाव

  • ब्लड प्रेशर के मरीज टहलने जाएं तो मोजे, दास्ताने, टोपी, गर्म कपड़े पहनकर ही निकलें
  • चाय की जगह तीन समय सुबह, दोपहर और शाम को गर्म पानी का सेवन करें। गर्म पानी के साथ भाप अंदर जाती है तो यह फेफड़ों में जाकर आराम पहुंचाती है
  • सर्दी ही नहीं, आम दिनों में भी गुनगुना पानी पीने की आदत बनाएं
  • जाड़े में धूल और धुएं से बचाव करें। मास्क लगाकर घर से निकलें
  • सुबह-शाम दोनों समय गुनगुने पानी से गरारा करें। एक-एक कप गर्म पानी का सेवन भी करें
  • हाथ-पैर, नाक, कान को हमेशा गर्म रखें
  • खान-पान में जो चीजें नुकसान करती हैं, उनसे और ठंडी चीजों से परहेज करें।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.