यूपी में आसमान से बरस रही आग, बांदा-महोबा में पारा 48 डिग्री पहुंचा
उत्तर प्रदेश में आसमान से आग बरस रही है। बांदा-महोबा में पारा 48 डिग्री तक पहुंच गया है। बुंदेलखंड और मध्य उत्तरप्रदेश में भीषण तपिश है। मौसम की बीमारियां जान लेने लगी हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। आसमान से बरस रही आग ने जीना मुहाल कर दिया है। आग उगलते सूरज ने पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा कर रख दिया है। बुंदेलखंड और मध्य उत्तरप्रदेश के जिलों में भीषण तपिश का प्रकोप जारी है। शनिवार को बांदा व महोबा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहा। यह पूरे सूबे में अधिकतम था। महोबा में उल्टी-दस्त आदि बीमारियों की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो गई।
फर्रुखाबाद में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री पर पहुंच गया। इलाहाबाद में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री, औरैया में 45 डिग्री, सुल्तानपुर में 45 डिग्री, पूर्वांचल के मऊ जिले में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सभी अस्पतालों में डायरिया और लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लखनऊ में 44.8 डिग्री, कानपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा, हमीरपुर में 44.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रतापगढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
लखनऊ में मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि प्रदेश के कई शहर ग्रीष्म लहर की चपेट में हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी के साथ बौछारें पडऩे की उम्मीद है। जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप बढऩे लगा है। मुरादाबाद मंडल में गर्म हवाओं ने दो पल के लिए भी धूप में ठहरना मुहाल कर दिया। यहां के जिलों का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बरेली, अलीगढ़, आगरा में भी सूरज की तपन ने बेहाल किया।