विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मायावती के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग, हाथापाई और केक लूट, पांच लोगों पर मुकदमा

By Nawal MishraEdited By:
Published: Tue, 15 Jan 2019 06:50 PM (IST)Updated: Tue, 15 Jan 2019 07:06 PM (IST)

मायावती के जन्मदिन पर सपा-बसपा नेता एक मंच पर नजर आए। उत्साह के बीच कई जगह खींचतान, हाथापाई, केक लूट, आगे बैठने की तनातनी और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं भी पेश आई।

मायावती के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग, हाथापाई और केक लूट, पांच लोगों पर मुकदमा
मायावती के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग, हाथापाई और केक लूट, पांच लोगों पर मुकदमा

लखनऊ, जेएनएन। बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन पूरे उत्तर प्रदेश में जिले-जिले उल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर कई जगह सपा-बसपा नेता एक साथ नजर आए। इसी उत्साह के बीच कई जगह खींचतान, हाथापाई, केक लूट, आगे बैठने के लिए तनातनी और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं भी पेश आई। एक मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। ध्यान रहे कि यह मायावती का  63वां जन्म दिन है। इसके चलते ज्यादातर जिलों में 63 किलो का केक तैयार किया गया। आज ही सपा नेत्री डिंपल यादव का भी जन्म दिन है।

मेरठ में कार्यक्रम का मंच तोड़ा

मेरठ में जन्म दिन कार्यक्रम खत्म होने पर केक काटते ही भीड़ उस पर टूट पड़ी। केक की लूट मच गई। डायस तोड़ दिया गया। महापौर सुनीता वर्मा के साथ धक्का-मुक्की हुई। वरिष्ठ नेता मंच छोड़कर चले गए। इस मौके पर पूर्व मंत्री और बसपा नेता याकूब कुरैशी और उनके पुत्र इमरान कुरैशी ने शक्ति प्रदर्शन किया। कार की छत पर बैठकर रोड शो निकाला। शमसुद्दीन राइन ने याकूब कुरैशी को मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र प्रभारी घोषित किया।

 

अमरोहा में केक लूट, कुर्सियां तोड़ीं 

अमरोहा में भी जन्मदिन केक को लेकर लूट खसोट  मच गई। कुछ कुर्सियां तोड़ीं तो कुछ इधर उधर हवा में उछालते हुए फेंक दी गईं। केक लूटने के लिए खींचतान के बीच खूब हंगामा किया। बसपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन मनाने के लिए जुटे थे। मुख्य अतिथि जॉन इंचार्ज राजकुमार गौतम समेत सभी वक्ताओं का भाषण होने के बाद जब केक काटने की बारी आई तो पदाधिकारी व कार्यकर्ता मंच की तरफ आ गए। इस दौरान धक्का मुक्की शुरू हो गई। जैसे तैसे केक काटा तो केक लूटने के लिए होड़ मच गई। पदाधिकारियों ने जैसे तैसे मामला शांत कराया। 

बागपत में हर्ष फायरिंग

 

बागपत के विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी धर्मपाल सिंह के एक निजी गार्ड ने जन्मदिन का केक काटने के दौरान लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग की। गोली चलने से वहां लोग सन्न रह गये। जन्मदिन कार्यक्रम के लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से तैयारियों में लगे थे। आज दोपहर पदाधिकारियों ने केक काटा तथा नारेबाजी की। इसी बीच एक सुरक्षा कर्मी ने फायरिंग की। इस दौरान दूसरा सुरक्षाकर्मी पास में बंदूक लेकर खड़ा रहा। पता चलते ही पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना जन्मदिन

बहराइच में मायावती का जन्मदिन पर 63 किलो का केक काटा गया। बसपा नेताओं ने बसपा सुप्रीमो बहन मायावती के नेतृत्व में सरकार बनने पर इस दिन को कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।