एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों के विजेताओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाडिय़ों को नकद धनराशि प्रदान किया। स्वर्ण पदक हासिल करने वाले पूनम यादव, जीतू राई और सौरभ चौधरी को 50-50 लाख रुपये दिए गये।
लखनऊ (जेएनएन)। जकार्ता में हुए एशियाड और गोल्डकोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतकर देश का नाम रौशन करने वाले प्रदेश के खिलाडिय़ों को सरकार ने आज अवध शिल्प ग्राम में सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाडिय़ों को नकद धनराशि प्रदान की। स्वर्ण पदक हासिल करने वाली पूनम यादव, जीतू राई और सौरभ चौधरी को 50-50 लाख रुपये के चेक दिये गये।
खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में यूपी के 62 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था। सभी को पुरस्कृत किया जा रहा है। समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी उपस्थित रहे। राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पैरा खिलाड़ी सचिन चौधरी को भी सरकार ने सम्मानित किया।