विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माध्यमिक विद्यालयों के बर्खास्त तदर्थ शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, सेवाएं होंगी बहाल और फिर से मिलेगा वेतन

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:52 PM (GMT+05:30)

UP Secondary Education: सभी शिक्षक उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक ही काम कर सकेंगे। उनकी सेवा पेंशन के लिए नहीं जोड़ी जाएगी।

सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रहे तदर्थ शिक्षकों को बड़ी राहत मिली

सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रहे तदर्थ शिक्षकों को बड़ी राहत मिली

HighLights

  1. इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर शासन का निर्णय, नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक पढ़ा सकेंगे

  2. जिला विद्यालय निरीक्षक करेंगे इन शिक्षकों के कार्य का सत्यापन

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रहे तदर्थ शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। शासन ने नौ नवंबर 2023 को सेवा से हटाए गए उन तदर्थ शिक्षकों की सेवाएं फिर से जारी रखने और उन्हें पहले की तरह वेतन देने का निर्देश दिया है, जिनकी नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा अधिनियम, 1921 की धारा 16ई (11) के तहत नियमों के अनुसार की गई थी। ये सभी शिक्षक उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक ही काम कर सकेंगे। उनकी सेवा पेंशन के लिए नहीं जोड़ी जाएगी।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह आदेश इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 24 अगस्त के फैसले के अनुपालन में जारी किया गया है। हाई कोर्ट ने मनोज कुमार सिंह व अन्य की याचिका तथा 189 अन्य जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए नौ नवंबर 2023 और आठ जुलाई 2024 के शासनादेश निरस्त कर दिए थे। साथ ही सरकार को कानून के अनुसार नए आदेश जारी करने को कहा था।

दरअसल, नौ नवंबर 2023 के शासनादेश से शेष तदर्थ शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। इसके बाद आठ जुलाई 2024 को उनके लिए मानदेय देने की व्यवस्था की गई थी। हाई कोर्ट ने दोनों आदेशों को एक-दूसरे के विपरीत और माध्यमिक शिक्षा अधिनियम 1921 व 1923 के प्रावधानों के खिलाफ माना था।

शासन ने अपने नए आदेश में 16 सितंबर 2004 को राकेश चंद्र मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में हाई कोर्ट के फैसले का भी उल्लेख किया है। इसमें कहा गया था कि धारा 16ई (11) के तहत नियमों के अनुसार नियुक्त तदर्थ शिक्षक नियमित चयनित अभ्यर्थी के आने तक काम कर सकते हैं और इस अवधि का वेतन पाने के हकदार हैं। हालांकि, ऐसी नियुक्ति नियमित नियुक्ति का विकल्प नहीं है। नियमित शिक्षक के उपलब्ध होते ही तदर्थ शिक्षक की सेवा समाप्त हो जाएगी। वहीं, नियमों, योग्यता और आरक्षण की शर्तों का पालन किए बिना की गई नियुक्ति से वेतन या सेवा जारी रखने का अधिकार नहीं मिलता।

वास्तविक काम पर ही मिलेगा वेतन

पात्र शिक्षकों को पहले की तरह वेतन और सेवा की शर्तों पर काम करने दिया जाएगा। भुगतान उनके वास्तविक कार्य के आधार पर ही होगा। संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) शिक्षकों के काम का सत्यापन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। नियमित चयनित शिक्षक के उपलब्ध होते ही तदर्थ शिक्षक की सेवाएं अपने आप समाप्त हो जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस आदेश के अनुसार कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट भी देनी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।