रनवे पर जाने की तैयारी कर रहा था विमान, पायलट केबिन में अचानक दिखा कुछ ऐसा कि मचा हड़कंप; रद्द करनी पड़ी फ्लाइट
गोवा से लखनऊ आने वाले इंडिगो विमान को मंगलवार रात 0845 बजे लखनऊ में लैंड करना था। शाम को गोवा एयरपोर्ट पर विमान में करीब 115 यात्री सवार हो चुके थे। विमान रनवे पर जाता उससे पहले ही उसे रोकने का आदेश हो गया। यात्रियों को बताया गया कि पायलट केबिन में चूहा है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से विमान को नहीं भेजा जा सकता।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोवा से लखनऊ आने वाला इंडिगो का विमान जब रनवे पर जाने की तैयारी कर रहा था तभी उसके पायलट केबिन में चूहा दिख गया। इसके बाद उड़ान निरस्त कर दी गई। करीब दो घंटे बाद यात्रियों ने विरोध जताया तो उन्हें दूसरे विमान से लखनऊ भेजा गया।
दरअसल विमान को मंगलवार रात 08:45 बजे लखनऊ में लैंड करना था। शाम को गोवा एयरपोर्ट पर विमान में करीब 115 यात्री सवार हो चुके थे। विमान रनवे पर जाता, उससे पहले ही उसे रोकने का आदेश हो गया। यात्रियों को बताया गया कि पायलट केबिन में चूहा है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से विमान को नहीं भेजा जा सकता। काफी देर के बाद भी यात्रियों को लखनऊ भेजने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके बाद यात्रियों ने गोवा एयरपोर्ट पर विरोध जताया तब एयरलाइंस ने दूसरे विमान की व्यवस्था कर करीब दो घंटे बाद सभी यात्रियों को लखनऊ भेजा।
दो विमान जयपुर और कोलकाता डायवर्ट
खराब मौसम और पायलटों के प्रशिक्षित न होने के कारण बुधवार को दो विमानों की लैंडिंग लखनऊ में नहीं हो पाई। हैदराबाद से लखनऊ आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आइएक्स-2813 को कम दृश्यता के कारण लखनऊ में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई। इस विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। यह विमान दोपहर 1:17 बजे वापस लखनऊ आया। इसके अलावा बेंगलुरु से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-6353 को सुबह 08:20 बजे उतरने की अनुमति एटीसी से नहीं मिल पाई। इसको जयपुर डायवर्ट कर दिया गया और यह दोपहर 1:08 बजे वापस लखनऊ पहुंचा।
सूत्र बताते हैं कि इन दोनों ही विमानों के पायलट दृश्यता 550 होने पर ही सुरक्षित लैंडिंग कराने में सक्षम थे। उधर, कई विमान देरी से गए। इनमें लखनऊ-दम्माम एक्सवाई-897 आठ घंटे, लखनऊ-नागपुर 6ई-7462 सात घंटे, लखनऊ-इंदौर 6ई-7439 करीब सवा सात घंटे, लखनऊ मस्कट आइएक्स-149 छह घंटे, लखनऊ-बेंगलुरु 6ई-325 पांच घंटे और लखनऊ-दम्माम आइएक्स-141 करीब साढ़े पांच घंटे लेट रहा।
विमान सेवाओं पर मौसम का असर
इससे पहले सोमवार को दिल्ली में कम दृश्यता के चलते इंडिगो की एक उड़ान अचानक निरस्त कर दी गई थी। वहीं, मुंबई और जयपुर से दिल्ली जाने वाले दो विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया था। अपने 86 वर्षीय पिता के साथ लेखक नीलेश मिश्रा को भी इंडिगो की तीन बजे वाली फ्लाइट से दिल्ली जाना था, लेकिन विमान निरस्त हो गया। निलेश मिश्रा ने एक्स पर इसकी शिकायत की। हालांकि, बाद में इंडिगो ने उन्हें दूसरे विमान से भेजने की व्यवस्था कर दी। इसके बाद उन्होंने एक्स पर रीपोस्ट कर लिखा कि भाई इंडिगो ने तो आज दिल जीत लिया। उन्होंने दूसरी फ्लाइट में सीटें दिलवाने के लिए धन्यवाद दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।