कानपुर नगर के घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र की सीट रिक्त घोषित, अब यूपी में कुल छह सीटें हुईं रिक्त
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन से कानपुर नगर की 218-घाटमपुर विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन से कानपुर नगर की 218-घाटमपुर विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया है। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि कमल रानी का निधन गत दो अगस्त को गया था। इस कारण कानपुर नगर का घाटमपुर निर्वाचन क्षेत्र रिक्त हो गया है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में अब रिक्त सीटों की संख्या बढ़कर छह हो गई हैं। विधायकों के निधन के कारण रिक्त सीटों में जौनपुर की 367 मल्हनी सीट और 65 बुलंदशहर की सीटें शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के पारसनाथ यादव के गत 12 जून को निधन के कारण मल्हनी सीट रिक्त हुई और बुलंदशहर सीट भाजपा के वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन से गत दो मार्च को रिक्त हो गई थी।
इसके अलावा उन्नाव जिले की 162 बांगरमऊ सीट भारतीय जनता पार्टी के कुलदीप सेंगर के अयोग्य घोषित होने पर 20 दिसंबर 2019 से रिक्त है। वहीं समाजवादी पार्टी के अब्दुल्ला आजम खां की सदस्यता शून्य किए जाने से रामपुर जिले में 34 स्वार सीट भी गत 16 दिसंबर, 2019 से रिक्त है। दूसरी ओर सांसद निर्वाचित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के सत्यपाल सिंह बघेल द्वारा विधानसभा से त्यागपत्र देने के 95 टूंडला जिला फीरोजाबाद की सीट भी गत चार जून 2019 से रिक्त घोषित हो चुकी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का रविवार सुबह एसजीपीजीआइ में निधन हो गया। 18 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें खांसी, बुखार व सांस में तकलीफ के साथ एसजीपीजीआइ में भर्ती कराया गया था। तब से वह लगातार आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर थीं। दिवंगत मंत्री का शव उनके गृह जिले कानपुर ले जाया गया। जहां राजकीय सम्मान के साथ भैरोघाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें सीवियर कोविड-19 निमोनिया हो गया था। इस वजह से वह एक्यूट रेस्पिरेट्री डिस्ट्रेस सिंड्रोम में चली गई थीं।