वोट देने से मना करने पर सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
संगमनगरी इलाहाबाद में ग्राम पंचायत में बदले की भावना में खूनी संघर्ष के साथ ही सामूहिक दुष्कर्म भी हो रहा है। इलाहाबाद में मनचाहे प्रधान पद के प्रत्याशी को वोट देने से मना करने पर कल एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
लखनऊ। संगमनगरी इलाहाबाद में ग्राम पंचायत में बदले की भावना में खूनी संघर्ष के साथ ही सामूहिक दुष्कर्म भी हो रहा है। इलाहाबाद में मनचाहे प्रधान पद के प्रत्याशी को वोट देने से मना करने पर कल एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। गांव के ही तीन युवक उसे घर से उठा कर शिक्षा के मंदिर प्राथमिक विद्यालय में ले गये और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इलाहाबाद का शंकरगढ़ क्षेत्र इस दुर्दांत घटना का साक्षी बना। शंकरगढ़ की निवासी एक महिला के पति का दस वर्ष पहले निधन हो गया था। अब वह जीविकोपार्जन के लिए वह घर में किराने की दुकान चलाती है। आरोप है कि परसों देर रात गांव के अभय सिंह, इंदल और संजय सिंह उसके घर में स्थित दुकान पर पहुंचे। सिगरेट मांगते हुए यह भी पूछा कि प्रधानी चुनाव में वोट किसको दोगी। इस पर महिला ने कहा कि जिसे देना होगा वह वोट दे देगी, तुम लोगों से कोई मतलब नहीं है। ऐसा सुनने के बाद तीनों वहां से चले गए।
कल सुबह महिला घर के बाहर झाडू लगा रही थी। इसी दौरान तीनों युवक फिर उसके घर आ धमके और उसे उठाकर प्राथमिक स्कूल के पास ले गए। वहां जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। उसने शोर मचाया तो गांव वाले मदद को दौड़े। ग्रामीणों को काफी संख्या में आते देख अभय और संजय भाग निकले, लेकिन इंदल पकड़ में आ गया। उसकी पिटाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया गया।
एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्रा ने कहा कि पीडि़ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।