दलित किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या
बाराबंकी के जैदपुर में गुरुवार को दलित किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव बाग में पड़ा मिला।
लखनऊ। बाराबंकी के जैदपुर में गुरुवार को दलित किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव बाग में पड़ा मिला। किशोरी को उसी के दुपट्टे से गला कसकर मारा गया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जैदपुर के ग्राम बोजा मजरे अहिरन पुरवा की 17 वर्षीय किशोरी दोपहर करीब दो बजे शौच के लिए निकली थी। शाम पांच बजे तक उसके वापस न लौटने पर परिवारीजन ने तलाश शुरू की तो घर से दो सौ मीटर दूर बाग में उसका शव अद्र्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। बीस मीटर दूर तक किशोरी को खींच कर ले जाने के निशान थे। मौके की स्थिति से स्पष्ट था कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे जिनसे किशोरी ने संघर्ष भी किया। उसकी चूडिय़ां बिखरी पड़ी हुई थीं। वारदात की सूचना साढ़े पांच बजे जैदपुर पुलिस को दी गई। पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद के साथ थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुष्कर्म हुआ अथवा नहीं चिकित्सीय परीक्षण के बाद ही बताया जा सकता है लेकिन घटना स्थल से पता चल रहा है कि उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया गया है।