यूपी में सर्वोदय विद्यालयों के 12वीं के छात्र-छात्राओं को मिलेगी मुफ्त JEE-NEET कोचिंग, पुणे के दक्षणा वैली में होगा चयन
उत्तर प्रदेश के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के 12वीं विज्ञान वर्ग के मेधावी छात्रों को जेईई और नीट की ...और पढ़ें
-1791903396715_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
12वीं विज्ञान वर्ग के छात्रों को मुफ्त कोचिंग।
पुणे के दक्षणा वैली में होगी एक साल की तैयारी।
जेईई और नीट के लिए मेधावी छात्रों का चयन।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को जेईई और नीट की तैयारी के लिए एक साल तक नि:शुल्क कोचिंग मिलेगी। संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) से चयनित विद्यार्थियों को 12 की पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे के निकट स्थित दक्षणा वैली परिसर में यह सुविधा दी जाएगी। यहां उनके आवास और भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क होगी।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 में अध्ययनरत और फरवरी 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग वर्ग में सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए कक्षा 10 के गणित और विज्ञान विषयों में 85 प्रतिशत, जबकि छात्राओं के लिए 80 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं।
मेडिकल वर्ग में सामान्य श्रेणी के लिए 80 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 75 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 65 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
अन्य श्रेणियों के लिए अलग मानक हैं। छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये और छात्राओं की पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए। समाज कल्याण विभाग ने सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
