यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रक्षाबंधन पर योगी सरकार ने दिया बहनों को मुफ्त बस सेवा का तोहफा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि रक्षाबंधन के दिन परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश सरकार पहली बार रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जब यह घोषणा की तो सभागार तालियों से गूंज उठा। रक्षाबंधन के दिन यात्रा के लिए जिन महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में एडवांस बुकिंग करा रखी है, यात्रा के बाद काउंटरों से उनके टिकट का पैसा वापस करने की भी व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में आने वाली जबरदस्त भर्ती, युवाओं कर लो तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं को यह सुविधा परिवहन निगम की बसों में छह अगस्त की रात 12 बजे से सात अगस्त की रात 12 बजे के बीच मिलेगी। इस बीच निगम की साधारण किराए वाली बसों के साथ ही स्कैनिया और वॉल्वो जैसी अनुबंधित बसों में भी महिलाओं को टिकट नहीं खरीदना पड़ेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन निगम की करीब 12,500 बसों में प्रतिदिन औसतन 15 लाख लोग यात्रा करते हैं, जिसमें लगभग एक तिहाई संख्या महिलाओं की रहती है यानी निगम करीब पांच लाख महिलाओं को यह सुविधा देगा।
निगम की बसों में यात्री औसतन 79 किलोमीटर का सफर करते हैं और साधारण किराया 86 पैसे प्रति किलोमीटर है। इस हिसाब से निगम महिलाओं की मुफ्त यात्रा के लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च करेगा।
यह भी पढ़ें: बसपा से बाहर किए नेताओं की फौज तैयार कर सकती एक नया दल
