Move to Jagran APP

चार साल मोदी सरकारः भाजपा ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उठाने की प्रेरणा

मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर अभियान में आज उत्तर प्रदेश में भाजपा का समरसता संपर्क अभियान चलाया गया।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 29 May 2018 09:58 PM (IST)Updated: Wed, 30 May 2018 12:55 AM (IST)
चार साल मोदी सरकारः भाजपा ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उठाने की प्रेरणा

लखनऊ (जेएनएन)। मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर अभियान में आज उत्तर प्रदेश में भाजपा का समरसता संपर्क अभियान चलाया गया। इसके लिए भाजपा ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी जमीन मजबूत करने पर जोर दिया है। 2014 और 2017 में भाजपा ने जिस फैक्टर के जरिए रिकार्ड जीत कायम की थी। उसी को साधने के लिए आज फिर सक्रिय रहे। मोदी सरकार के चार वर्ष की उपलब्धियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता नेता, सांसद विधायक और पदाधिकारी पूरी तरह सक्रिय रहे। 

loksabha election banner

लखनऊ, कानपुर, बहराइच, फैजाबाद, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, बांदां समेत यूपी के सभी जिलों में समरसता सपर्क अभियान के तहत लोगों में जागरूकता, योजनाओं की जानकारी, जनसमस्याओं का निस्तारण और सहभोज के कार्यक्रम चलते रहे। कानपुर में सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भीतरगांव ब्लाक के गांवों में अभियान चालाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित कराया। वह पसेवा, पासी खेड़ा, उमरी, पतारी शीहूपुर संदौली, कैंथा, इटर्रा आदि गांवों के महासंपर्क पर निकले तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां लोगों ने उन्हें बिजली पानी, शौचालय जैसे तमाम समस्याओं से अवगत कराया। सांसद ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए उसी समय अधिकारियों को निर्देश दिए। सांसद ने लोगों की सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। बाद में सांसद ने इटर्रा में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और आरआर पब्लिक स्कूल में अपने सहयोगी नेताओं और समर्थकों के साथ रात्रि प्रवास किया। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली ने गांव-गांव घूमकर लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं।

फैजाबाद सांसद लल्लू सिंह ने सांसद ने हाजीपुर गांव में खुली चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं जानी। नयापुरवा में गरीबों व वंचितों के उत्थान के लिए चलाई जा रही केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। सांसद लल्लू सिंह ने कहाकि सरकार बिना भेदभाव के कार्य कर रही है। केंद्र व प्रदेश की सरकार की योजनाओं की प्राथमिकताओं में गरीब व वंचित हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र सरकारी योजनाओं के लाभ से छूटने नहीं पाए। 

बहराइच विधानसभा के चित्तौरा ब्लॉक के सेक्टर विशुनपुर राहू के कुम्हारनपुरवा में समरसता संपर्क अभियान में गांव के लोगों से संपर्क किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाबचंद्र शुक्ला ने विषयवस्तु बताई और गांव वालों के साथ भोज किया गया। पयागपुर विधानसभा के पयागपुर मंडल के ग्रामपंचायत अमदापुर में समरसता संपर्क अभियान चलाया गया। ग्राम प्रधान दिनेश गौतम के साथ मंडल अध्यक्ष बटेकृष्ण तिवारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पूरे गांव का भ्रमण कर समरसता के बारे में लोगों को जानकारी दी। समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने बताया कि बुधवार को भाजपा द्वारा जिले के सभी 23 मंडलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.