बागपत में कुत्ते को लेकर विवाद में चार की हत्या
लखनऊ। बागपत के कासमाबाद दुड़भा गांव में रक्षाबंधन पर्व पर बुधवार सुबह गलियां खून से रंग गई।
लखनऊ। बागपत के कासमाबाद दुड़भा गांव में बुधवार सुबह घर के सामने कुत्ता घुमाने के विवाद महिला समेत चार लोग कत्ल कर दिए गए। दर्जनभर लोग घायल हो गए। तीन दरोगा व एक सिपाही को निलंबित कर गांव में पुलिसबल तैनात किया गया है।
कासमाबाद दुड़भा में लोमहर्षक संघर्ष की यह घटना धर्म सिंह और देवकराम के बीच हुई। तेजपाल की पत्नी राजेश ने बताया कि धर्म सिंह पक्ष का सुंदर बुधवार सुबह सात बजे अपना पालतू कुत्ता देवकराम पक्ष की गली में घुमाने ले गया था। कुत्ते ने वहां मल त्याग दिया तो सुंदर और कुलदीप से मारपीट कर दी गई। धर्म सिंह इसकी कोतवाली में शिकायत कर सुबह 9.30 बजे गांव लौट रहा था तो घात लगाए बैठे देवकराम पक्ष ने धर्म सिंह पक्ष पर पथराव व असलहो से फायरिंग शुरू कर दी। ये लोग भागकर घर में घुस गए।
इस पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घर से इनको निकालकर घसीटते हुए ले गए और गोली-बल्लम से हमला कर दिया। धर्म सिंह पक्ष से भी हमला कर फायरिंग की गई। दोनों ओर से दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए जबकि धर्म सिंह पक्ष के बिजेंद्र (40) ने मौके पर दम तोड़ दिया। निर्मला (43) पत्नी धर्म सिंह व देवकरन पक्ष के योगेंद्र (40) ने अस्पताल ले जाते समय और धर्म सिंह पक्ष के प्रवेश (25) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। नौ लोगों को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। डीआइजी के. सत्यनारायण व एसपी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि लापरवाही की बात सामने आने पर हल्का इंचार्ज डीके त्यागी, एसएसआइ आशाराम, कंट्रोल रूम प्रभारी कमलेश मिश्र व कांस्टेबल हरिदेव को निलंबित कर जांच एएसपी को सौंपी गई है। दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज करायी जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर