रायबरेली रोड तक पहुंचा आउटर रिग रोड के फ्लाईओवर का काम
जल्द ही ट्रैफिक रोककर रखे जाएंगे प्री कॉस्ट गर्डर पिछले कई महीनों से यहां चल रहा काम।
लखनऊ : आउटर रिग रोड का काम हर दिन तेज होता जा रहा है। 105 किमी लंबी इस सड़क पर बनने वाले फ्लाईओवर को भी कार्यदायी संस्था पूरा करने में लगी है। इसी क्रम में रायबरेली हाईवे पर बन रहे फ्लाईओवर का काम भी मुख्य मार्ग तक पहुंच गया है। यहां अब मुख्य मार्ग के बीच प्री कॉस्ट गर्डर रखे जाएंगे। इसके लिए सड़क के किनारे पिलर बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। यह फ्लाईओवर करीब नौ सौ मीटर लंबा है।
सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि हाईवे होने के कारण यहां कार्य पूरी सावधानी से किया जा रहा है। यहां रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए गए हैं। उनके मुताबिक फरवरी के प्रथम सप्ताह तक इसे पूरा करने का प्रयास है। फिलहाल, यातायात किसी प्रकार से बाधित न हो, उस पर विशेष फोकस किया जा रहा है। किसान पथ का काम करीब-करीब पूरा
किसान पथ पर चल रहा सड़क बनाने का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। यहां फाइनल टच देने का काम चल रहा है। अयोध्या मार्ग से सुलतानपुर रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के निरीक्षण के बाद से तेजी से किया जा रहा था। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) यह काम कर रहा है। वर्तमान में वाहनों का संचालन भी शुरू हो गया है। अभियंताओं के मुताबिक कुछ काम बचा है, जिसे इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर ने बताया कि आउटर रिग रोड पर चार बड़े ब्रिज बनाए जा रहे हैं। इनका काम 70 से 80 फीसद तक पूरा हो गया है।