कांग्रेस नेता पंकज पुनिया पर एफआइआर दर्ज, सोशल मीडिया पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
कांग्रेस नेता पंकज पुनिया पर हजरतगंज कोतवाली में साइबर सेल के दारोगा ने दर्ज कराई एफआइआर।
लखनऊ, जेएनएन। कांग्रेस नेता पंकज पुनिया के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में एफआइआर दर्ज की गई है। साइबर क्राइम सेल में तैनात दारोगा सुरेश गिरि ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि टिवटर पर पंकज पुनिया नाम के यूजर ने राजनैतिक एवं धार्मिक आपत्तिजनक टवीट किया था।
आरोपित ने धर्म विशेष, समुदाय विशेष एवं आराध्य विशेष का नाम लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इससे समाज में द्धेश की भावना भड़क रही है। लोगों में आक्राेेेश है और स्थिति विस्फोटक हो रही है। इससे कभी भी राजनैतिक एवं धार्मिक संघर्ष बढ़ सकता है। दारोगा की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने पंकज पुनिया के खिलाफ आइटी एक्ट, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने और समाज में द्धेश फैलाने समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है। एसीपी हजरतगंज अभय कुमार मिश्र के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है। साइबर सेल आरोपित के बारे में पता लगा रही है।
लल्लू की गिरफ्तारी पर भड़के कांग्रेसी दिया धरना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू की गिरफ्तारी को लेकर महानगर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धरना दिया। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी गैर कानूनी है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ कांग्रेसियों ने धरना दिया गया एवं प्रदेश के राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन एसीपी अभय मिश्रा को सौंपा गया। पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चौधरी, प्रभारी प्रशासन अनूप गुप्ता, दिनेश सिंह, महामंत्री विश्वविजय सिंह एवं श्री मनोज यादव, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम और अन्य लोग मौजूद रहे।