गायत्री प्रजापति व उसके बेटे के खिलाफ पूर्व परिचित ने दर्ज कराई FIR, जानिए क्या है पूरा मामला
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाने में पूर्व परिचित ने दर्ज कराई रिपोर्ट आरोपितों में गायत्री प्रजापति के खिलाफ दुष्कर्म की एफआइआर कराने वाली महिला भी शामिल।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। गोमती नगर विस्तार थाने में गुरुवार को पूर्व परिचित ने गायत्री व उसके बेटे के खिलाफ जालसाजी धमकी और अभद्रता की एफआइआर दर्ज कराई है। आरोपितों में पूर्व मंत्री पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला का नाम भी शामिल है। हाल में ही गाजीपुर थाने में भी पूर्व मंत्री समेत अन्य के खिलाफ एफआइआर हुई थी।
खरगापुर गोमती नगर निवासी बृज भवन चौबे के मुताबिक वह पूर्व मंत्री की एक निजी कंपनी के निदेशक थे। आरोप है कि गायत्री प्रजापति ने दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज कराने वाली चित्रकूट निवासी महिला से सांठगांठ कर ली थी। पूर्व मंत्री के बेटे अनिल प्रजापति ने बृज भवन से बोलकर मुकेश कुमार नाम के व्यक्ति की संपत्ति उस महिला के नाम दर्ज करवाई थी। यही नहीं अनिल ने दुष्कर्म मामले में बयान बदलने के लिए दो करोड़ रुपये भी महिला को दिए थे। बावजूद इसके महिला की मांग बढ़ती गई। बृज भवन के मुताबिक गायत्री और उनके बेटे अनिल ने खरगापुर स्थित उनकी जमीन भी महिला के नाम करवा दी थी। आरोप है कि गायत्री प्रजापति ने किसी मुकेश के नाम से बेनामी संपत्ति खरीद रखी थी। पीड़ित ने महिला की ओर से गौतमपल्ली में दर्ज कराए गए अधिवक्ता व अन्य के खिलाफ दुष्कर्म मामले में उसे फंसाने की कोशिश का आरोप भी लगाया है। पीड़ित का कहना है कि महिला उसे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है ।
पीड़ित के मुताबिक आरोपितों ने उसे कंपनी के निदेशक पद से बिना वेतन दिए हटा दिया और कई कागजातों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करा लिए थे। पूर्व मंत्री ने पीड़ित को केजीएमयू में भी बुलाया था और वहां उसे धमकी दी थी। पीड़ित का आरोप है कि पूर्व मंत्री, उनके बेटे व चित्रकूट निवासी महिला समेत अन्य ने उसकी कीमती जमीन व नगदी हड़प ली और लगातार धमकी दे रहे हैं।