मेट्रो स्टेशन के एरिया मैनेजर पर छेड़छाड़ का आरोप, एफआइआर Lucknow news
लेखराज मार्केट मेट्रो स्टेशन पर तैनात महिला गार्ड ने की शिकायत। ग्रुप फोर के अधिकारियों ने पीडि़ता को नौकरी से निकाला एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप।
लखनऊ, जेएनएन। लेखराज मेट्रो स्टेशन पर तैनात ग्रुप फोर कंपनी के एरिया मैनेजर संजीव देवनाथ पर एक महिला गार्ड ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला गार्ड की तहरीर पर गाजीपुर थाने में संजीव के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। आरोप है कि संजीव अक्सर महिला पर अभद्र टिप्पणी करता था और अकेले में मिलने के लिए बुलाता था। सीओ गाजीपुर दीपक कुमार सिंह के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं ग्रुप फोर के मेट्रो प्रभारी संजीव पांडे ने आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस की जांच पर भरोसा जताया है।
महिला गार्ड का आरोप है कि एरिया मैनेजर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। बात नहीं मानने पर प्रताडि़त करने लगा और नौकरी से निकालने की धमकी दी। पीडि़ता ने मेट्रो के अधिकारियों से शिकायत की। कई बार गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं की और उल्टा महिला गार्ड को ही नौकरी से निकाल दिया। इस पर पीडि़ता ने गाजीपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि महिला के आरोपों की जांच की जा रही है। स्टेशन पर लगे सीसी फुटेज की पड़ताल और वहां तैनात कर्मचारियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मेट्रो अधिकारियों ने ग्रुप फोर के वरिष्ठों से स्पष्टीकरण मांगा है। वहींं ग्रुप फोर के एरिया मैनेजर संजीव पांडे ने कहा, महिला गार्ड के आरोप निराधार है। वह शुरू से विवादों में रही हैं। मामले की जांच में चीजें साफ हो जाएंगी।