Move to Jagran APP

सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें ठूंसकर भरा गया था महिला का शव

अटल स्टेडियम के पास शहीद पथ के किनारे जंगल में फेंका शव। शरीर के कई हिस्से जले मिले, नहीं हो सकी शव की शिनाख्त। सिगरेट से भी दागने के मिले निशान, देर से पहुंचे एसएसपी।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Mon, 21 Jan 2019 09:41 PM (IST)Updated: Tue, 22 Jan 2019 01:27 PM (IST)
सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें ठूंसकर भरा गया था महिला का शव
सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें ठूंसकर भरा गया था महिला का शव

लखनऊ, जेएनएन। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास शहीद पथ के किनारे जंगल में सोमवार को एक महिला का शव पड़ा मिला। हत्यारों ने महिला की हत्या के बाद उसका चेहरा जलाया था और शव को सूटकेस में भरकर वहां फेंक गए थे। माना जा रहा है कि शव विवाहिता का है। पुलिस अभी तक शव की शिनाख्त नहीं कर सकी है।

loksabha election banner

शहीद पथ के किनारे जंगल में सोमवार शाम को मवेशी चराने गए चरवाहे एक बड़ा सूटकेस देखकर ठहर गए। चरवाहों ने पास जाकर पड़ताल की तो उसमें महिला का शव मिला। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें एक महिला ठूसकर भरी गई थी। महिला का शव सूटकेस मिलने की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी ग्रामीण और सीओ मोहनलालगंज ने जंगल में जाकर छानबीन की। वहीं करीब चार घंटे बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। एसएसपी के मुताबिक महिला की हत्या कर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी करीबी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंका था।

गले पर चोट, शरीर के कई हिस्से जले

महिला के गले, मुंह व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। शरीर के कई हिस्से जले हुए हैं। माना जा रहा है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पेट्रोल से चेहरा जलाया गया है। महिला के शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हत्यारे हत्या से पहले महिला को प्रताडि़त कर सिगरेट से दागा था। महिला ने गहरे भूरे रंग की स्वेटर और नारंगी रंग की सलवार पहने थी। पैर की उंगलियों में नेल पॉलिश लगी थी और महिला ने पायल पहन रखा था। पुलिस प्रेम प्रसंग, दहेज हत्या व रंजिश की दिशा में भी छानबीन कर रही है।

लापता महिलाओं की तलाश में लगाई गई टीम

एसएसपी का कहना है कि राजधानी के अलावा आसपास के जिलों से लापता महिलाओं की सूची बनाई जा रही है। गोसाईगंज के अलावा क्राइम ब्रांच की टीमें लापता महिलाओं के बारे में जानकारी कर रही हैं। शव की शिनाख्त होते ही वारदात का राजफाश कर लिया जाएगा। पुलिस लखनऊ रेंज से लापता महिलाओं के घरवालों से संपर्क कर रही है।

शहीद पथ से शव फेंकने की आशंका

स्थानीय लोगों ने शहीद पथ पुल से शव को नीचे जंगल में फेंकने की आशंका जताई है। सड़क से जंगल में मिले शव की दूरी करीब 10 से 15 मीटर थी। ग्रामीण महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि जंगल के किनारे तक एक वाहन आया था और फिर शव को उतारकर वहां फेंका गया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.