UP MLC Election 2026-Result : सबका भाग्य बताने वाले ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी हारीं, अब लड़ेंगी विधानसभा चुनाव
UP MLC Election Result 2026: लखनऊ स्नातक सीट पर ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी स्मिता मिश्रा किस्मत आजमा रही ...और पढ़ें

प्रख्यात ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा-------------स्मिता मिश्रा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : प्रख्यात ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026 में अपनी पत्नी की किस्मत का फैसला नहीं कर सके। लखनऊ स्नातक सीट से प्रत्याशी रहीं ज्योतिषाचार्य की पत्नी स्मिता मिश्रा बुरी तरह से हारीं, उनको 300 वोट मिले। हार के बाद स्मिता मिश्रा ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है, अब वो विधान सभा चुनाव 2027 में लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
लखनऊ से उत्तर प्रदेश विधान परिषद की लखनऊ स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की कांति सिंह ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। कांति सिंह ने विधान परिषद में अपनी सीट बचाने उतरे भाजपा के अवनीश सिंह पटेल को पराजित किया। इसी सीट पर जाने-माने ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी स्मिता मिश्रा भी किस्मत आजमा रही थीं। स्मिता मिश्रा को 300 वोट भी नहीं हासिल हो पाए। स्मिता मिश्रा लखनऊ खंड स्नातक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार थीं।
स्मिता मिश्रा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप
स्मिता मिश्रा ने अपनी हार के बाद धांधली और बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके सामने ही उनके एजेंट को डांटकर बूथ से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मैंने चुनाव के लिए बहुत तैयारी की थी। कॉलेजों में जाकर छात्रों और शिक्षकों से संपर्क किया। चुनाव में फर्जीवाड़े ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।
उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों ने ऑनलाइन करीब 22 हजार फॉर्म जमा किए थे। वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से 100 से ज्यादा शिकायतें की गईं, लेकिन किसी का जवाब नहीं आया। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को वोट नहीं देने दिया गया। स्मिता मिश्रा ने कहा कि एसडीएम ने कहा कि बूथ के अंदर एजेंट का बैठना अलाऊ नहीं है। उन्होंने कहा कुछ वोट के बदले नोट भी बांटा गया है।
कांग्रेस ने दिया स्मिता को दगा
स्मिता मिश्रा ने पहले कांग्रेस की सदस्यता ली थी। स्मिता मिश्रा 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें लखनऊ खंड स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाने का भरोसा दिया था। कुछ ही दिन बाद अजय राय प्रदेश अध्यक्ष पद से हट गए। नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने स्मिता को टिकट नहीं देने का फैसला लिया। इसके बाद फिर स्मिता निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरीं।
विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
स्मिता मिश्रा ने कहा कि इस हार ने उन्हें निराश नहीं किया है बल्कि उनकी पार्टी नवयुवक दल विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी से उतरेगी और कम से कम 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, दिल्ली में निर्भया कांड के बाद मैंने पार्टी बनाई थी। पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा सोशल मीडिया पर ट्रोल
इस बार अपनी किसी भविष्यवाणी के लिए नहीं, बल्कि ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा पत्नी स्मिता मिश्रा की हार की वजह से ट्रोल हो रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि दूसरों का भविष्य बताने वाले आचार्य अपनी पत्नी की चुनावी भविष्यवाणी क्यों नहीं कर सके। कुछ लोगों ने लिखा कि, उन्होंने पत्नी को चुनाव में हार से बचने के लिए कोई उपाय क्यों नहीं बताया। कुछ यूजर्स पूछ रहे हैं कि चुनाव के रिजल्ट को लेकर भविष्यवाणी क्यों नहीं की। इस पर स्मिता ने कहा कि उन्होंने अपने चुनावी भविष्य के बारे में पति से कुछ नहीं पूछा था। उन्होंने ये भी कहा कि वो सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा और परोपकार के उद्देश्य से चुनाव में उतरी थीं। स्मिता ने कहा कि उनकी पार्टी नवयुवक दल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कम से कम 50 उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी 2014 में बनी थी।
कौन हैं स्मिता मिश्रा
स्मिता मिश्रा का घर बाराबंकी के इकरा गांव में हैं। उनका मायका उन्नाव में कुरारी है। उनकी दो बेटियां हैं और एक बेटा है। दोनों ही बेटियां कनाडा में शिफ्ट हो गई हैं। उनके पिता रामसुंदर शुक्ला पुलिस अधिकारी थे। उनके दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे और सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी थे।
कई बड़ी भविष्यवाणियां कर चुके हैं इंदु प्रकाश मिश्रा
इंदु प्रकाश मिश्रा टीवी कार्यक्रमों में भी अकसर दिखाई देते हैं। अगर उनकी वेबसाइट इंदु प्रकाश डॉट कॉम पर जाएं तो पता चलता है कि उन्होंने कई बड़ी भविष्यवाणियां करने का दावा किया है। इसमें भारत का सात रनों से विश्वकप जीतना, सोवियत संघ का टूटना अमेरिका के ट्विन टावर पर हमला, नेल्सन मंडेला की रिहाई। इसके अलावा उनका दावा है कि 8 नवंबर 2025 को आए भूकंप की भविष्यवाणी उन्होंने 13 दिन पहले ही कर दी थी।
