यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लखनऊ पुलिस की नाक के नीचे चल रही थी नकली खाद बनाने की फैक्ट्री, छापेमारी में सात हजार बोरियां बरामद
लखनऊ आइजी रेंज के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने मलिहाबाद में पिकप गाड़ी में लदी नकली खाद बरामद की। बालागंज ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आइजी रेंज लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने नकली खाद बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मलिहाबाद चौराहे से पिकप डाले में लदी 40 बोरी नकली डीएपी खाद पकड़ ली। पूछताछ के बाद अवैध फैक्ट्री के संचालन का राजफाश हुआ। छापेमारी में फैक्ट्री से सात हजार नकली डीएपी खाद एवं पोटाश की बोरियां बरामद की गई है। खास बात यह है कि स्थानीय पुलिस को अवैध फैक्ट्री के बारे में भनक तक नहीं थी।
ये है पूरा मामला
आइजी लक्ष्मी सिंह के मुताबिक, बालागंज में खाद की अवैध फैक्ट्री के संचालन की सूचना सर्विलांस टीम को हुई। इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मलिहाबाद चौराहे से पिकप डाले में लदी 40 बोरी नकली डीएपी खाद पकड़ ली। आरोपित चालक गऊ घाट निवासी अमित कुमार की निशानदेही पर बालागंज में संचालित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस के छापा मारने से पहले ही फैक्ट्री संचालक व अन्य कर्मचारी वहां से भाग निकले थे। खास बात यह है कि ठाकुरगंज पुलिस को अवैध फैक्ट्री के बारे में भनक तक नहीं थी। बालागंज के मारुती शोरूम के पास काफी समय से नकली खाद बनाने का अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। ब्रांडेड कम्पनी इफ्को के नकली बोरों में काफी मात्रा में नकली खाद भी बरामद हुई है। पुलिस फैक्ट्री के संचालक तक नहीं पहुंच सकी है। जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र की तहरीर पर मलिहाबाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है।
