CBI का फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगने वाला गिरफ्तार, जाली मुहर भी बरामद
लखनऊ के कृष्णानगर पुलिस में फीनिक्स मॉल के पास से पकड़ा गया फर्जी इंस्पेक्टर जाली मुहर भी बरामद की गई।
लखनऊ, जेएनएन। कृष्णानगर पुलिस ने बुधवार देर रात खुद को सीबीआइ का इंस्पेक्टर बताने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 15 अलग-अलग विभागों के फर्जी मुहर बरामद किए गए हैं। इंस्पेक्टर कृष्णा नगर डीके उपाध्याय के मुताबिक मूलरूप से बक्सर बिहार निवासी अशोक कुमार श्रीवास्तव को फिनिक्स मॉल के पास से पकड़ा गया है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि आरोपी अशोक खुद को आइबी और एंटी करप्शन का अधिकारी बताता था। आरोपित के पास से पुलिस विभाग के कई स्टिकर बरामद किए गए हैं। आरोपित लोगों को नौकरी दिलाने, अलग-अलग मामलों में सत्यापन कराने और मुकदमों में लोगों को क्लीन चिट दिलाने का झांसा देता था। आरोपित अशोक लंबे समय से लखनऊ में रह रहा था इंस्पेक्टर कृष्णा नगर का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। आरोपित के अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाकर आगे की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने कृष्णा नगर निवासी एक युवक से बिजली विभाग का मीटर लगवाने के नाम पर मोटी रकम हड़पी थी। अशोक ने राजधानी के 20 से अधिक लोगों को झांसे में लेकर उनसे मोटी रकम वसूली है। पीड़ितों के बारे में जानकारी कर पुलिस आगे की कार्यवाही करेगी।