बसपा से निष्कासित युवा नेता आकाश आनंद को मिलने लगे ऑफर, समाजवादी पार्टी के बाद कांग्रेस से बुलावा
Akash Anand: कांग्रेस के दलित नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दिया है।

बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित पार्टी के चीफ कोआर्डिनेटर रहे आकाश आनंद
HighLights
आकाश आनंद की सियासी पारी को लेकर तेज होने लगीं अटकलें
उदित राज ने आकाश आनंद को दिया कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर
मायावती ने एक बाद फिर आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को लेकर की टिप्पणी
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित पार्टी के चीफ कोआर्डिनेटर रहे आकाश आनंद की नई सियासी पारी को लेकर अटकलों के साथ ऑफर भी तेज हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के बाद अब आकाश आनंद को कांग्रेस से ऑफर मिला है।
बहुजन समाज पार्टी से आकाश आनंद को बाहर किया गया तो उनकी अगली सियासी पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कोई अगर आकाश को लेकर आएगा तो उनको सपा में शामिल कर लेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के दलित नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दिया है।
आकाश को राहुल गांधी से मिलवा सकते हैं उदित राज
उदित राज ने कहा कि आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होना चाहिए और अगर वह ऐसा करना चाहते हैं तो वह उन्हें राहुल गांधी से मिलवा सकते हैं। यह ऑफर फिलहाल उदित राज की ओर से दिया गया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में शामिल करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
आकाश आनंद को बसपा से बाहर करने को उदित राज ने मायावती का आत्मघाती कदम बताया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करना बहुजन राजनीति के लिए नुकसानदेह हो सकता है। फिलहाल इसे उदित राज की ओर से दिया गया राजनीतिक प्रस्ताव ही माना जा रहा है। उनके इस बयान के बाद आकाश आनंद की अगली राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
अजय राय भी आकाश आनंद के समर्थन में
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय भी आकाश आनंद के समर्थन में हैं। अजय राय ने आकाश आनंद के समर्थन में बसपा अध्यक्ष मायावती पर निशाना साधा है। अजय राय ने कहा कि आकाश आनंद निश्चित तौर पर अपने लोगों की बात कर रहे थे, जो मायावती को रास नहीं आ रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा तो बीजेपी की ‘बी-टीम’ के तौर पर काम कर रही है और मायावती बीजेपी से अलग हटकर कोई काम नहीं करना चाहतीं। इस ऑफर ने आकाश आनंद की अगली राजनीतिक पारी को लेकर अटकलों को तेज कर दिया है। आकाश आनंद की ओर से भी इस प्रस्ताव पर अभी कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- मायावती के भतीजे आकाश आनंद को सपा में शामिल करने पर अखिलेश का बड़ा ऑफर, तुम लेकर आओ....
यह भी पढ़ें- मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से निकाला, छोटे भतीजे ईशान आनंद की एंट्री; एक्स अकाउंट किया सार्वजनिक
मायावती का अशोक सिद्धार्थ पर हमला जारी
उधर बसपा मुखिया मायावती का आकाश आनंद के ससुर पर हमला जारी है। एक्स पर पोस्ट में मायावती ने कहा कि यहां यह भी बताना बहुत जरूरी है कि जिस दिन बीएसपी ने अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी थी तो उस दिन इन्होंने इनके उपर काफी दबाव पड़ने के बावजूद भी अपने संन्यास लेने की घोषणा तब तत्काल नहीं की थी। उस दिन यह पूरी रातभर इसे रुकवाने के लिए किस्म-किस्म के हथकंडे इस्तेमाल करते रहे जिसमें कामयाबी नहीं मिलने पर, फिर मजबूरी में, अगले दिन यह सोच कर इनको लगभग प्रातः 6:30 बजे अपने संन्यास की काफी किन्तु-परन्तु वाली घोषणा करनी पड़ी है, कि कहीं ज्यादा देरी होने पर और भी बड़ा नुकसान ना हो जाये, जिसके बारे में सही समय आने पर पार्टी के लोगों को और भी बहुत कुछ ज़रूर बताया जायेगा।
