मायावती के भतीजे आकाश आनंद को सपा में शामिल करने पर अखिलेश का बड़ा ऑफर, तुम लेकर आओ....
Akhilesh Yadav on Akash Anand: अखिलेश यादव ने आकाश आनंद के अंकल वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज ...और पढ़ें
HighLights
युवा नेता आकाश आनंद को मायावती ने किया बसपा से बाहर
बसपा से बाहर होने के बाद बढ़ी आकाश आनंद की डिमांड
सपा प्रमुख ने बसपा से आकाश के निष्कासन को उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला बताया
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित नेता आकांश आनंद की डिमांड बढ़ रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आकाश को पार्टी में शामिल करने के लिए तैयार हैं, लेकिन वो पहल नहीं करेंगे।
सपा की लखनऊ में पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव से एक मीडिया हाउस से आकाश आनंद की बाबत सवाल आया तो पहले तो उन्होंने कहा कि यह तो बहुजन समाज पार्टी का अंदर का मामला है। इसके बाद जब एक पत्रकार ने आकाश आनंद को समाजवादी पार्टी में शामिल करने की बाबत पूछा तो अखिलेश यादव ने हंसते हुए मीडियाकर्मी से ही कहा कि अगर तुम आकाश आनंद को लेकर आओगे तो ले लेंगे। इनकी इच्छा है लेकर आएं, हम ले लेंगे फिर।
सबके सामने कह रहा हूं, ले लूंगा
पत्रकार ने पूछा कि क्या आकाश आनंद को सपा में लेंगे। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि आप लेकर आओ, हम ले लेंगे। मैं सबके सामने ये बात कह रहा हूं। अखिलेश यादव ने पत्रकार से कहा कि आप लेकर आओ, हम ले लेंगे।
अखिलेश यादव ने आकाश आनंद के अंकल वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज किया, उन्होंने कहा कि ‘अंकल’ शब्द कोई भी रिश्ता हो सकता है। चाचा, ताऊ, मौसा या फूफा, लेकिन किसी ने फूफा पर सवाल नहीं पूछा, सवाल सिर्फ फूफा का ही पूछा जा रहा है। आकाश आनंद को हटाना, उनकी पार्टी का फैसला है और दूसरे दल के लोग इस पर कोई बात नहीं कर सकते।
यूपी की सियासत में एक बार फिर हलचल
आकाश आनंद को लेकर यूपी की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज है। BSP प्रमुख मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया है। अब जब अखिलेश यादव से आकाश आनंद को समाजवादी पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उनके जवाब ने राजनीतिक चर्चाओं को और बढ़ा दिया है। सवाल यह है कि क्या BSP से बाहर होने के बाद आकाश आनंद के लिए सपा के दरवाजे खुल सकते हैं।
फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में शामिल करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि आकाश आनंद की अगली राजनीतिक राह क्या होती है और 2027 के यूपी चुनाव से पहले इसका असर किस तरह दिखाई देता है।
