विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ हो NSA के तहत कार्रवाई, यूपी के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह मानते हैं देशद्रोही

Published: Fri, 16 Oct 2026 02:40 PM (GMT+05:30)

Dhruv Rathee: ध्रुव राठी के बयान के बाद से ही डॉ. विक्रम सिंह का पारा चढ़ा है। उन्होंने राठी को ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह , (यूट्यूबर ध्रुव राठी)

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह , (यूट्यूबर ध्रुव राठी)

HighLights

  1. ध्रुव राठी के सेना और पुलिस संबंधी एक बयान पर डॉ. विक्रम को घोर आपत्ति

  2. राठी के बयान को देश के लिए घातक बताया और रासुका के तहत केस दर्ज करने की मांग उठाई

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : यूट्यूबर ध्रुव राठी के सेना और पुलिस के खिलाफ बयान पर उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह को घोर आपत्ति है। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और शिक्षाविद डॉ. विक्रम सिंह ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के सेना और पुलिस संबंधी एक बयान पर आपत्ति जताते हुए उन पर रासुका (NSA) के तहत केस दर्ज करने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक और वर्तमान में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. विक्रम सिंह 1974 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे और जून 2007 से सितंबर 2009 तक उत्तर प्रदेश के डीजीपी रहे।

ध्रुव राठी ने हाल ही ने एसआईआर और ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के बाद एक यूट्यूबर पत्रकार को इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने भड़काऊ बयान दिया। 

डॉ. विक्रम सिंह का पारा चढ़ा

ध्रुव राठी के बयान के बाद से ही डॉ. विक्रम सिंह का पारा चढ़ा है। उन्होंने राठी को देशद्रोही कहने के साथ ही मांग की है कि सरकार उसके खिलाफ तुरंत रासुका में केस दर्ज करे। राठी के सेना और पुलिस में बगावत को लेकर भड़के यूपी के पूर्व डीजीपी ने कहा कि यूट्यूबर ध्रुव राठी जर्मनी से भारत आए और देश के युवाओं को भड़काने में लग गए हैं। इंटरव्यू में पुलिस और देश की सेना को बगावत करने के लिए कह रहे हैं। यूपी के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने राठी के बयान को देश के लिए घातक बताया और रासुका के तहत केस दर्ज करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि रासुका के तहत केस दर्ज करने के लिए यह एक बहुत ही उपयुक्त है।

यूपी के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह बेहद नाराज

ध्रुव राठी के बयान से बेहद नाराज यूपी के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि जय हिंद मित्रों। यह बताया जाता है कि जर्मनी में रहने वाला यूट्यूबर ध्रुव राठी ने हाल ही के इंटरव्यू में विचार व्यक्त किया है कि भारतीय पुलिस और भारतीय सेना को सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, एकजुटता दिखानी चाहिए। बॉलीवुड के अभिनेता और अभिनेत्रियों का भी आह्वान किया है।

ध्रुव राठी का अपराध गंभीर  

विक्रम सिंह ने कहा कि बॉलीवुड के अभिनेता-अभिनेत्री क्या करते हैं, ये तो वो जाने, लेकिन जहां तक पुलिस का सवाल है। 'पुलिस इनसाइटमेंट ऑफ डिसअफेक्शन एक्ट' एक कानून है, उसके अंतर्गत यह अपराध बना जाता है। गंभीर अपराध है और फौज के कर्मचारियों, अधिकारियों को कोई इस तरीके से आह्वान करता है, तो पुरानी आईपीसी की धारी 131 और वर्तमान भारतीय न्याय संहिता की धारा 159 के अंतर्गत ये एक गंभीर जुर्म है, जिसमें आजीवन कारावास और 10 साल के कारावास का प्रावधान है। साथ ही जुर्माने का भी प्रावधान है।

इंटरव्यू में ध्रुव राठी ने क्या कहा

ध्रुव राठी ने इंटरव्यू में कहा था कि पुलिसवाले एक साथ आवाज उठाएंगे, तो सरकार क्या करेगी, सारी पुलिस फोर्स को एक साथ रिजाइन करवाना पड़ेगा, आर्मी वाले एक साथ आवाज उठाएंगे, तो क्या करेगी सरकार, पूरी आर्मी को एक बार में रिजाइन करवाएगी। फिर सरकार कुछ नहीं कर सकती। एक लोकतांत्रिक देश में जनता के हाथ में ताकत है। एकता में ताकत है।

यह भी पढ़ें- ध्रुव राठी पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप, कोर्ट ने याचिकाकर्ता से पूछा- किसी को बोलने से कैसे रोक सकते हैं?

यह भी पढ़ें- ध्रुव राठी के खिलाफ दिल्ली की कोर्ट में मानहानि का केस, प्रभु श्रीराम-सीता पर अमर्यादित टिप्पणी का मामला