EX IAS दिव्या मित्तल का राजनीति में क्या होगा अगला कदम? 15 अक्टूबर को हो जाएगा साफ
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को अपने राजनीतिक भविष्य की घोषणा करेंगी। उन्होंने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व IAS दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को करेंगी घोषणा।
प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति में उतरने की तैयारी।
अपनी नई पार्टी बनाने की दिशा में बढ़ेंगी आगे।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहीं पूर्व आइएएस दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को अपने अगले कदम का एलान करेंगी। मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर इसकी जानकारी दी। मीरजापुर सहित प्रदेश के कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुकीं दिव्या के राजनीतिक रुख को लेकर अब निगाहें उनके एलान पर टिकी हैं।
पिछले कई दिनों से मीरजापुर से वह इंटरनेट मीडिया पर स्थानीय लोगों से मिले स्वागत की तस्वीरें और वीडियो साझा कर लोगों का आभार जता रही हैं। इससे पहले 29 सितंबर को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कहा था कि वह राजनेता बनने के लिए नहीं, बल्कि राजनीति में बदलाव लाने के उद्देश्य से उतरेंगी। लोगों से जुड़ने के लिए वाट्सएप नंबर भी जारी किया था।
पहले स्पष्ट कर चुकी हैं कि वह किसी मौजूदा राजनीतिक दल में शामिल होने के बजाय अपनी पार्टी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। साथ उत्तर प्रदेश से ही अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने की बात भी कही थी। अब देखना होगा कि वह अपनी पार्टी के गठन, संगठन की तैयारी या राजनीतिक अभियान को लेकर क्या घोषणा करती हैं?
