Move to Jagran APP

लखनऊ में BJP कार्यालय पहुंचे जितिन प्रसाद, भाजपा यूपी अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने किया स्वागत

Jitin Prasad in BJP लखनऊ में जितिन प्रसाद ने एयरपोर्ट से सीधा भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का रुख किया। विधानसभा मार्ग पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में जितिन प्रसाद ने मंदिर में दर्शन किया। इसके बाद भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से भेंट की।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 19 Jun 2021 03:08 PM (IST)Updated: Sat, 19 Jun 2021 04:49 PM (IST)
लखनऊ में BJP कार्यालय पहुंचे जितिन प्रसाद, भाजपा यूपी अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने किया स्वागत
स्वतंत्रदेव सिंह ने जितिन प्रसाद का स्वागत किया

लखनऊ, जेएनएन। नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद शनिवार को लखनऊ पहुंचे। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।

loksabha election banner

लखनऊ में जितिन प्रसाद ने एयरपोर्ट से सीधा भाजपा के प्रदेश मुख्यालय का रुख किया। विधानसभा मार्ग पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में जितिन प्रसाद ने मंदिर में दर्शन किया। इसके बाद भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से भेंट की। इस अवसर पर स्वतंत्रदेव सिंह ने जितिन प्रसाद का स्वागत किया। जितिन प्रसाद के समर्थन में भाजपा के दफ्तर में बड़ी संख्या में आए ब्राह्मण चेतना परिषद के सदस्य भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।  

व्यक्ति विशेष के इर्दगिर्द घूमते हैं क्षेत्रीय दल : जितिन

कांग्रेस छोड़कर पिछले दिनों दिल्ली में भाजपा की सदस्यता लेने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद शनिवार को पहली बार भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्हें ऊर्जावान, ईमानदार बताया। वहीं जितिन प्रसाद ने दोहराया कि देश में सिर्फ भाजपा ही राष्ट्रीय पार्टी बची है। यहां कार्यकर्ता की भावना के आधार पर नीति निर्धारण होता है। एक साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष पर पहुंच सकता है। योगी सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। फिर बिना किसी दल का नाम लिए बोले कि क्षेत्रीय पार्टियां देश या समाज का भला नहीं कर सकते। इनमें नेता पार्टी बनाते हैं। यह दल व्यक्ति विशेष के इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ से  मुलाकात की

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के भेंट करने के बाद जितिन प्रसाद ने सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास का रुख किया। वहां पर उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से करीब आधा घंटा मुलाकात की।

इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की प्रेरणा से मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। आज अपने गृह प्रदेश आने का मौका मिला और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा सीएम योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद कार्यक्षेत्र में उतरूंगा। जितिन प्रसाद ने कहा कि अब मेरा प्रयास सरकार की सभी जन कल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सरकार के काम का व्यापक प्रसार करने का है। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता पार्टी के संगठन को अधिक मजबूती देने के साथ ही इसको बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश तथा काफी देश मजबूत होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.