12 को श्रावस्ती दौरे पर UP की राज्यपाल, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द- होली खेलने के बाद ड्यूटी पर तैनात
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 12 मार्च को श्रावस्ती के दौरे पर रहेंगी। होली खेलने के बाद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों हर हाल में काम पर लौटने के डीएम के आदेश।
श्रावस्ती, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के श्रावस्ती दौरे के मद्देनजर कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। राज्यपाल 12 मार्च को जिले के दौरे पर रहेंगी। यहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद रात्रि निवास भी करेंगी। वहीं, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने हवाई पट्टी का सोमवार को जायजा लिया। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन मुस्तैद हो गया है। बौद्ध तीर्थ क्षेत्र समेत आसपास के गांवों में साफ-सफाई जोर-शोर से चल रही है।
जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने राज्यपाल के दौरे के मद्देनजर 11 मार्च के दिन यानी बुधवार को सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। होली खेलने के बाद सभी को हर हाल में काम पर लौटने के आदेश दिए गए हैं।
ये रहा कार्यक्रम
दरअसल, गुरुवार को सुबह 10:10 बजे राज्यपाल का राजकीय हेलीकाप्टर श्रावस्ती हवाई पट्टी पर उतरेगा। यहां से कार से वे 10.15 बजे इकौना ब्लॉक क्षेत्र के अकबरपुर स्थित गौ आश्रय स्थल के लिए प्रस्थान करेंगी। 10.25 बजे यहां पहुंचने के बाद 20 मिनट तक रुककर जायजा लेंगी। इसके बाद 10.55 बजे कंजड़वा गांव में पहुंचकर 11.35 बजे तक केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बैठक करेंगी। 11.40 बजे वे कर से जिला मुख्यालय भिनगा स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह के लिए प्रस्थान करेंगी। यहां 11.55 से 12.40 बजे तक स्वयंसेवी संगठनों व प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक करेंगी। दोपहर के भोजन के बाद 01.45 बजे से 02.15 बजे तक पढ़े श्रावस्ती बढ़े श्रावस्ती की बैठक व 02.15 से 02.30 बजे तक क्षय रोग उन्मूलन पर कार्य कर रहे स्वयंसेवी संगठनों के साथ बैठक के बाद एक घंटे आकांक्षी जनपद श्रावस्ती में केंद्र सरकार के कार्यक्रमों की प्रस्तुतीकरण देखेंगी। शाम 03:40 बजे से पर्यटन स्थलों का जायजा लेने के बाद वे श्रावस्ती में ही रात्रि प्रवास करेंगी। अगले दिन यानी शुक्रवार को सुबह नौ बजे बहराइच जिले के चित्तौरामाफी सुरजापुर स्थित प्रगतिशील किसान फार्म का निरीक्षण करने के लिए प्रस्थान करेंगी।