बाल-बाल बचे एयर इंडिया के 130 यात्री, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
विमान की इमरजेंसी लैंडिंग चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुई। यहां चार घंटे तक यात्रियों को कोई सूचना नहीं दी गई। नाराज यात्रियों ने हंगामा किया।
लखनऊ (जेएनएन)। एयर इंडिया के विमान से रायपुर से दिल्ली जा रहे 130 यात्रियों की जांच उस समय सांसत में पड़ गई जब इसमें तकनीकी गड़बड़ी आ गई। विमान के पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। मंजूरी मिलने पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुई। यहां चार घंटे तक यात्रियों को कोई सूचना नहीं दी गई। नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक यह इमरजेंसी लैंडिंग नहीं बल्कि विमान को डायवर्ट किया गया था।
एयर इंडिया का विमान एआइ 478 रायपुर से 130 यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुआ था। सुबह 9:18 बजे विमान के पायलट ने लखनऊ एटीसी से संपर्क किया और लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग हो गई। लैंडिंग के बाद भी यात्रियों को विमान में आई गड़बड़ी के बारे में नहीं बताया गया।
करीब चार घंटे तक जब यात्रियों को कोई जानकारी नहीं मिली उन्हें दिल्ली कब और कैसे ले जाएंगे तो उन्होंने हंगामा कर दिया। इसके बाद उनको जेट एयरवेज और एयर इंडिया के विमान से भेजा गया, जबकि जिस विमान में तकनीकी गड़बड़ी आयी थी, वह देर रात तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा।
विमान सेवा प्रभावित : मुंबई में बारिश के बाद विजिबिलिटी साफ न होने के कारण आधा दर्जन विमान सेवाओं पर इसका असर पड़ा। जेट एयरवेज सहित सभी कंपनियों के विमान 30 मिनट से तीन घंटे तक प्रभावित हुए।