विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में पहली वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग 2026: इकाना स्टेडियम में होगा एशिया का सबसे बड़ा महिला वॉलीबॉल आयोजन

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:28 PM (IST)

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 11 से 21 नवंबर 2026 तक एशिया की सबसे बड़ी वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. इकाना स्टेडियम में पहली वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग 2026

  2. एशिया की सबसे बड़ी महिला वॉलीबॉल लीग का आयोजन

  3. छह राज्यों की टीमें, विजेता को 31 लाख पुरस्कार

जागरण संवाददाता, लखनऊ। खेल जगत में महिला खिलाड़ियों के लिए एक नई शुरुआत होने जा रही है। पहली बार वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग-2026 का आयोजन किया जा रहा है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 11 से 21 नवंबर 2026 तक 10 दिनों तक यह रोमांचक टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसमें छह राज्यों की टीमें भाग लेंगी। आयोजकों के मुताबिक, यह एशिया की सबसे बड़ी वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग है।

वीमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग के मुख्य आयोजक बुक्राद अहमद और सह-संस्थापक एवं महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने बताया कि खेल की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेल में बढ़ावा देना है। अभी तक एशिया में इतने बड़े स्तर पर वॉलीबॉल लीग का आयोजन नहीं हुआ है। इससे अन्य खिलाड़ियों को हौसला मिलेगा। टीवी और डिजिटल प्लेटफार्म पर सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। पहली बार इसका आयोजन हो रहा है। ऐसे में टिकट मुफ्त है। शाम पांच बजे से प्रतियोगिताएं होंगी।

छह टीमें, 17 मुकाबले, विजेता को 31 लाख पुरस्कार राशि

लीग में देश की 6 प्रमुख टीमें पंजाब, राजस्थान, हैदराबाद, कलकत्ता, मुंबई और उत्तर प्रदेश (लखनऊ शाही वारियर्स) के बीच 17 मुकाबले खेले जाएंगे। रोजाना दो मैच होंगे। टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय स्तर देने के लिए हर टीम में विदेश से दो-दो महिला खिलाड़ी शामिल की गई हैं। विजेता टीम को ट्राफी के साथ 31 लाख पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही, उपविजेता को टीम को 21 लाख पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

रोली पाठक को लखनऊ शाही वारियर्स की कमान

मेजबान टीम लखनऊ शाही वारियर्स की 14 सदस्यीय टीम की अगुवाई आइकन खिलाड़ी रोली पाठक करेंगी। इसके अलावा अनामिका पी, साथी दास, चंदना कुमार, आर्या के, दीक्षा ठाकुर एंजेल थामस, पूर्णा शुक्ला, पूर्णा शुक्ला, अलीना बीजू, काजल देवी, सुष्मिता पाल और तुलसीगौरी एस शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर निखरेगा रूप: कास्मेटिक बाजार में नए शेड्स की धूम, महिलाओं की पसंद बने ये मेकअप प्रोडक्ट्स

यह भी पढ़ें- बिजनौर: फर्जी फर्म दिखाकर 10 लाख के पटाखे हड़पे, अन्य मामले में महिला को धमकी देकर मांगे चार लाख रुपये