पशुपालन भर्ती घोटाले में ED जल्द दर्ज कर सकती है ECR, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत 28 आरोपियों पर शिकंजा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुए पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में भ्रष्टाचार की रकम और संपत्तियों की पड़ताल तेज करेगा।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस्तेमाल किया गया है।
HighLights
ईडी इस सप्ताह पशुधन भर्ती घोटाले में ईसीआर दर्ज करेगी।
भ्रष्टाचार की रकम और संपत्तियों की पड़ताल तेज होगी।
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत 28 आरोपित जांच के दायरे में।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुए पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में अब भ्रष्टाचार की रकम और उससे बनाई गई संपत्तियों की पड़ताल तेज होने जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस मामले में इस सप्ताह प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआर) दर्ज कर सकता है।
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत 28 आरोपितों की भूमिका जांच के दायरे में है। ईडी की शुरुआती जांच में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) के दस्तावेजों और आरोपपत्रों को आधार बनाया जा रहा है।
वर्ष 2014 में 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1198 पदों पर भर्ती हुई थी।
आरोप है कि भर्ती नियमों को दरकिनार कर मंडलीय चयन समितियों के अधिकार समाप्त किए गए और ओएमआर शीट के मूल्यांकन से लेकर मेरिट सूची तैयार करने तक गड़बड़ी की गई।
जांच में ओएमआर शीट में अलग-अलग स्याही के इस्तेमाल के वैज्ञानिक साक्ष्य भी सामने आए थे। इसी आधार पर अपात्र अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने की आशंका जताई गई थी।
ईओडब्ल्यू की जांच में तत्कालीन मंत्री राजकिशोर सिंह और पूर्व प्रमुख सचिव योगेश कुमार समेत 28 लोगों की भूमिका सामने आई थी। इनमें छह नाम शुरुआत में सामने आए थे, जबकि 22 अन्य की भूमिका बाद में जांच में सामने आई। 25 आरोपितों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। योगेश कुमार को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।