Earthquake Live: दिल्ली के साथ लखनऊ के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, सहमे लोग
दिल्ली एनसीआर उत्तर प्रदेश उत्तराखंड में मंगलवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए।
लखनऊ, जेएनएन। नेपाल में आए भूकंप का असर मंगलवार शाम लखनऊ के लोगों ने भी महसूस किया। खासकर बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले सहम गए। हालांकि, कुछ ही क्षण में सबकुछ सामान्य हो गया। राजधानी में करीब शाम सात बजे के आसपास लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। इसके बाद पूरे शहर में फोन के जरिए जलजले की सूचना फैल गई।
कई लोगों को टीवी से जानकारी हुई। लखनऊ विश्वविद्यालय के जियोलॉजी विभाग के प्रो. ध्रुवसेन ने बताया कि भूकंप का एपी सेंटर नेपाल का दिप्याल था। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 5 मापी गई। इसकी गहराई 1.3 किलोमीटर थी। यानी यह कम गहराई का भूकंप था। यही वजह है कि इससे फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान या किसी केहताहत होने की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड में भी भूकंप केझटके महसूस किए गए।
लखनऊ भूकंप के लिहाज से सुरक्षित
प्रो. ध्रुवसेन ने बताया कि वैसे भी लखनऊ भूकंप के लिहाज से सुरक्षित है। गंगा का मैदानी क्षेत्र होने के कारण यहां भुरभुरी मिट्टी का एक मोटा गद्दा है, जो शॉक एब्जॉर्वर का काम करता है। यही वजह है कि इसे साइस्मिक जोन तीन में रखा गया है। बता दें, सोमवार को गुजरात में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।