Move to Jagran APP

पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होने वाले सेवा सप्ताह में यूपी भाजपा दिव्यांगों पर करेगी विशेष फोकस

उत्तर प्रदेश में कोरोना काल के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए आरंभ हुए सेवा कार्यों को भारतीय जनता पार्टी ने निरंतरता देने का निर्णय लिया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sat, 05 Sep 2020 02:09 AM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2020 03:12 PM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होने वाले सेवा सप्ताह में यूपी भाजपा दिव्यांगों पर करेगी विशेष फोकस
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होने वाले सेवा सप्ताह में यूपी भाजपा दिव्यांगों पर करेगी विशेष फोकस

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना काल के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए आरंभ हुए सेवा कार्यों को भारतीय जनता पार्टी ने निरंतरता देने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित किए जा रहे सेवा सप्ताह के बाद दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और महात्मा गांधी के जन्मदिन तक सेवा कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की 70वीं वर्षगांठ पर दिव्यांगों पर विशेष फोकस रहेगा और स्वच्छता व जागरूकता अभियान भी चलेगा।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश में नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की निगरानी में चलने वाला यह पहला बड़ा अभियान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है, जिसके कार्यक्रम 14 से 20 सितंबर तक चलेंगे। यूंकि 70वीं वर्षगांठ है, इसलिए आयोजनों में 70 का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी मोर्चा प्रकोष्ठों को इस अभियान में लगाया जाएगा। संगठन विस्तार से पूर्व आयोजित इस अभियान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद मोर्चा प्रकोष्ठों के साथ क्षेत्रीय समितियों का गठन भी होगा। सूत्रों का कहना है कि कार्यकर्ताओं के पहले व वर्तमान प्रदर्शन और निष्ठा के आधार पर ही जिम्मेदारी दी जाएगी।

बूथ स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम : सेवा सप्ताह के दौरान बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। दिव्यांगों व असहाय लोगों की मदद के लिए विशेष आयोजन होंगे। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों व दिव्यांगों की मदद के उपकरण आदि का वितरण किया जाएगा। सुरक्षित दूरी का पालन करते हुए नेत्र जांच जैसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। चश्मे व दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

स्वच्छता व पर्यावरण पर जोर : सेवा सप्ताह व दीनदयाल जयंती पर 25 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले इन अभियानों में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। पौधारोपण के लिए प्रत्येक जिले में 70 गांवों को चिन्हित कर बहुपयोगी पौधे लगाए जाएंगे। आत्मनिर्भर भारत अभियान का संदेश जन-जन तक देने के अलावा वोकल फार लोकल का मंत्र भी दिया जाएगा।

सेवा ही राजनीतिक लक्ष्य : उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि पार्टी अंत्योदय का लक्ष्य को लेकर चलती है। सेवा ही राजनीतिक लक्ष्य को ध्यान में रखकर सात सितंबर से सेवा कार्यों की ई-बुक का विमोचन भी शुरू होगा। 25 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रमों में आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए आम जन को प्रोत्साहित किया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.