लखनऊ में मंडी परिषद और वन विभाग की जमीन पर बनेगा फ्लाइओवर, 40 करोड़ के प्रोजेक्ट पर 10 दिन के अंदर शुरू होगा काम
लखनऊ में दुबग्गा फ्लाईओवर के निर्माण में आ रही मंडी परिषद और वन विभाग की जमीन की बाधा दूर हो ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दुबग्गा फ्लाईओवर निर्माण में जमीन की बाधा हुई दूर।
मंडी परिषद और वन विभाग की जमीन का होगा उपयोग।
पांच लाख लोगों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दुबग्गा फ्लाइओवर के निर्माण में बाधा बनी मंडी परिषद व वन विभाग की जमीन को लेकर रास्ता साफ हो गया है। करीब बीस हजार वर्ग मीटर जमीन फ्लाइओवर के निर्माण में लगेगी। जमीन का सत्यापन शनिवार से करने की तैयारी है। सत्यापन के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, मंडी परिषद और राजस्व की टीम संयुक्त निरीक्षण करेंगी।
दुबग्गा फ्लाइओवर के निर्माण में मंडी परिषद की 4669 वर्ग मीटर और वन विभाग की 6500 वर्ग मीटर जमीन सेतु निगम ले रहा है। इसके एवज में करीब 40 करोड़ रुपये प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को दिए जाएंगे। वहीं फ्लाइओवर बनने से पांच लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी और जाम लगना कम हो जाएगा।
मंडी परिषद के सचिव सुभाष सिंह के मुताबिक जमीन को लेकर धनराशि की स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं सेतु निगम के मुताबिक पिलर संख्या छह से लेकर 22 तक वन विभाग की जमीन पर बनेंगे, पिलर संख्या 22 से लेकर 35 तक मंडी परिषद की जमीन पर बनेंगे। बाकी पिलर आइआइएम रोड पर बनेंगे। करीब 1811.72 मीटर लंबे फ्लाइओवर का निर्माण 44 पिलरों पर किया जाना है।
अंतिम चरण में वन विभाग से पत्राचार
दो लेन के फ्लाइओवर के निर्माण में 305.31 करोड़ खर्च होंगे। इस फ्लाइओवर को मेट्रो एलिवेटेड रूट के ऊपर से निकाला जाएगा। दोनों के बीच की दूरी साढ़े पांच मीटर होगी। सेतु निगम ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड, मंडी परिषद से सहमति बना ली है और वन विभाग से भी पत्राचार अपने अंतिम चरण में है।
यह भी पढ़ें- आगरा-वाराणसी सहित UP के इन 6 जिलों में 2380 करोड़ से बनेंगी कमर्शियल-रेजिडेंशियल यूनिट, 13 प्रोजेक्ट मंजूर
यह फ्लाइओवर एल शेप में बनाया जाएगा। यह बुद्धेश्वर चौराहे यानी कानपुर की तरफ से आने वाली रोड से उठेगा और दुबग्गा फ्लाइओवर होते हुए आइआइएम की तरफ जाने वाली रोड से सीधे हरदोई रोड पर उतारा जाएगा।
यहां आने व जाने वाले लोगों को होगा लाभ
दुबग्गा फ्लाइओवर बनने से कानपुर बाइपास से हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहा, आगरा एक्सप्रेसवे, कानपुर रोड और आइआइएम रोड आने व जाने वाले वाहनों को यू टर्न होकर जा सकेंगे। इसके अलावा सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहे से आने व जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। सेतु निगम के मुताबिक दो वर्ष में फ्लाइओवर का काम पूरा कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
उधर चारबाग से बसंतकुंज के बीच चलने वाली मेट्रो के कारण सेतु निगम को अपने फ्लाइओवर की डिजाइन बदलनी पड़ी। पहले फ्लाइओवर ठाकुरगंज की तरफ से उठ रहा था और दुबग्गा फ्लाइओवर के ऊपर से होते हुए हरदोई रोड पर उतर रहा था। अब यह अवध चौराहे से बुद्धेश्वर की तरफ से आने वाली सड़क से यह उठेगा और दुबग्गा चौराहे से होते हुए हरदोई रोड पर उतार जाएगा।
