धीरेंद्र प्रताप की हत्या की साजिश में चालक की पत्नी भी शामिल, मीटिंग से ठिकाने तक पूजा ने तय की रणनीति
Lucknow Crime: पुलिस अब धीरेंद्र प्रताप सिंह के अपहरण और हत्या की सुपारी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में जुटी ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में चालक रवि की पत्नी पूजा: पुलिस
HighLights
उन्नाव के धीरेंद्र प्रताप सिंह हत्याकांड में रवि की पत्नी पूजा गिरफ्तार
मृतक की अंगूठी और 15 हजार रुपये बरामद
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का मामला
पुलिस अन्य की तलाश में दे रही लगातार दबिश
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उन्नाव के धीरेंद्र प्रताप सिंह के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने एक और कड़ी जोड़ी है। पुलिस ने धीरेंद्र प्रताप के वाहन चालक रवि किशन उर्फ रवि तिवारी की पत्नी पूजा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश में पूजा की भूमिका अहम थी। उसने सुपारी देने वाले से संपर्क बनाए रखने के साथ ही मीटिंग के स्थान तय किए थे। हत्या के बदले मिलने वाले घर और दुकान को भी पूजा ने ही पसंद किया था। शनिवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि रवि ने हत्या में शामिल होने से पहले घर के सभी सदस्यों को पूरी योजना के बारे में बताया था। इस पर पूजा ने भी सहमति जताई थी। पुलिस के मुताबिक पूजा सुपारी देने वाले से मिलने खुद जाती थी। वहां होने वाली बातचीत और संदेश रवि तथा उसके भाई तक पहुंचाती थी, ताकि रवि पर सीधे किसी को शक न हो।
जांच के दौरान पुलिस को मीटिंग के स्थानों की जानकारी मिली। इसके बाद संबंधित स्थानों के सीसी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में पूजा की मौजूदगी चिन्हित होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की पुष्टि की। पुलिस ने पूजा को निलमथा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूजा की निशान देही और तलाशी के दौरान मृतक की सफेद धातु की अंगूठी और 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस अब धीरेंद्र प्रताप सिंह के अपहरण और हत्या की सुपारी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में जुटी है। डीसीपी ने बताया कि उक्त व्यक्ति को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। उसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ इनाम भी घोषित किया जाएगा।
बाराबंकी के जैतपुर की है पूजा
गिरफ्तार पूजा मूलरूप से बाराबंकी के जैतपुर थाना क्षेत्र के मानपुर डेहवा की रहने वाली है और वर्तमान में निलमथा के पटेल नगर में रह रही थी। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
बड़े राजनीतिक नामों की पर पुलिस की चुप्पी
सूत्रों की मानें तो धीरेंद्र प्रताप सिंह के अपहरण और हत्या की जांच के दौरान कुछ बड़े राजनीतिक चेहरों के नाम भी सामने आए हैं। इन्हीं लोगों ने धीरेंद्र की सुपारी दी है। पुलिस ने अभी इन नामों की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सामने आए सभी तथ्यों और आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धीरेंद्र की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारी से किन लोगों को परेशानी हो सकती थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।