दुबई से ढाई करोड़ का सोना लाया दिल्ली, मेरठ के लिए रवाना होते ही DRI ने 2 तस्करों को दबोचा
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) ने दिल्ली के चांदनी चौक में 2.58 करोड़ रुपये का विदेशी सोना जब्त किया और दो ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
डीआरआइ ने दिल्ली में 2.58 करोड़ रुपये का विदेशी सोना पकड़ा।
दो आरोपियों को चांदनी चौक से गिरफ्तार किया गया।
तस्करी का सोना पैरों में छिपाकर मेरठ ले जा रहे थे।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। दिल्ली से मेरठ ले जाए जा रहे 2.58 करोड़ रुपये के विदेशी मूल के सोने को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) ने दिल्ली के चांदनी चौक में पकड़ लिया। लखनऊ डीआरआइ की टीम ने बुधवार को गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।इनके पास से 1.85 किलोग्राम विदेशी मूल का उच्च शुद्धता वाला सोना और 10 ग्राम चांदी बरामद हुई। आरोपितों ने सोने को पैरों में बंधे पैकेट में छिपा रखा था।
डीआरआइ को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति तस्करी कर लाए गए विदेशी सोने को दिल्ली से मेरठ ले जाने वाले हैं। इसके बाद टीम ने संदिग्ध वाहन की पहचान कर चांदनी चौक में दोनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपित के पैरों में बंधे पैकेट से सोने की एक छड़ और सोने के तीन टुकड़े बरामद हुए। इनके साथ 10 ग्राम चांदी के दाने भी मिले। आरोपित सोने के वैध आयात या खरीद से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद सोने को दुबई से भारत में तस्करी कर लाए गए विदेशी मूल के सोने और चांदी को पिघलाकर तैयार किया गया था। डीआरआइ ने 1.85 किलोग्राम सोने और 10 ग्राम चांदी को जब्त कर दोनों आरोपितों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रविधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। अब इस तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
उप्र चुनाव को लेकर बढ़ाई गई निगरानी
डीआरआइ के अनुसार, उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तस्करी के लिहाज से संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में अलग-अलग 10 मामलों में 16.47 किलोग्राम विदेशी मूल का तस्करी का सोना जब्त किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है। इन मामलों में 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी अब सोने की तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।