'दबाव में नहीं आए, अपने निर्णयों पर हमेशा अडिग रहे डॉ. दिनेश शर्मा', महापौर से उप-राज्यपाल तक तय किया सफर
डॉ. दिनेश शर्मा ने महापौर रहते हुए लखनऊ का नियोजित विकास कराया और अपने निर्णयों पर हमेशा अडिग रहे। उन्होंने रिकॉर्ड मतों से महापौर चुनाव जीता और भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में अहम भूमिका निभाई।

HighLights
महापौर रहते लखनऊ का नियोजित विकास, दबाव में अडिग रहे।
रिकॉर्ड मतों से महापौर चुनाव जीते, लिम्का बुक में दर्ज।
भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में अहम भूमिका।
अजय श्रीवास्तव, लखनऊ। अपने निर्णयों को लेकर अडिग रहने वाले डा.दिनेश शर्मा कभी दबाव में कभी नहीं आए। वर्ष 2012 से 18 मार्च 2017 तक महापौर के कार्यकाल के दौरान उन्होंने लखनऊ का नियोजित विकास कराया। बड़े बिल्डरों को नगर निगम की जमीन देने का दबाव था, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रहे और जमीन देने से मना कर दिया। नगर निगम सदन की बैठक को भी बड़ी शालीनता से चलाया।
उनकी लोकप्रियता इतनी अधिक हो गई कि दूसरी बार महापौर का चुनाव अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाया, जो लिम्का बुक आफ रिकार्ड में दर्ज है। बसपा कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के लखनऊ दौरे के समय भी उन्होंने बड़े दबाव को नहीं माना था।
दरअसल, सरकार के अधिकारी चाहते थे कि स्वागत करने वाली पंक्ति में महापौर चौथे या पांचवे नंबर पर रहें, लेकिन डॉ. शर्मा ने कहा कि ब्लू बुक के अनुसार महापौर नंबर के हिसाब से पंक्ति में रहेंगे, ऐसा नहीं होता है तो वह अमौसी हवाई अड्डे स्वागत करने नहीं जाएंगे। दरअसल, परंपरा के हिसाब से महापौर शहर की चाबी सौंपनी होती है। मामला राष्ट्रपति भवन तक गया और वहां से ब्लू बुक के हिसाब से महापौर को स्वागत करने वाली तय पंक्ति में खड़े होने को कहा गया।
घर पर ही लगता है जनता दरबार
उनके घर पर ही जनता दरबार लगता है। लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर (वाणिज्य संकाय) की जिम्मेदारी निभा रहे डॉ.शर्मा अब शिक्षक के रूप में कभी-कभी ही दिखते हैं। ऐशबाग की संकरी गली में अपने पुराने घर से नाता नहीं तोड़ा और रात वहीं पर बिताते हैं। विद्यार्थी परिषद और भाजपा युवा मोर्चा से लंबे समय तक जुड़े रहे।
इसके बाद भाजपा की प्रदेश राजनीति में खास भूमिका निभाने की साथ ही भाजपा के सदस्यता अभियान के भी प्रमुख रहे थे। लखनऊ के दो बार महापौर बने। 2014-15 में भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का गौरव हासिल कराया, जो गिनीज बुक में भी दर्ज है।
वह लखनऊ संसदीय सीट से अटल बिहारी वाजपेयी के लोकसभा चुनाव समिति के कार्यालय संयोजक और राजनाथ सिंह के भी चुनाव संयोजक रहे। उन्होंने एक पत्रिका में प्रबंध संपादक की जिम्मेदारी निभाई थी।
यह भी पढ़ें- यूपी में बाढ़ को लेकर योगी सरकार का युद्धस्तर पर रेस्क्यू, 19 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे; शून्य जनहानि
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।