विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा- डबल डेकर बस पलटने से 5 की मौत, 16 घायल

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Mon, 23 Feb 2026 05:30 PM (IST)

Bus Accident:  गोसाईगंज पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

HighLights

  1. गोसाईंगज के खेमा खेड़ा गांव के पास हुई घटना


  2. पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा रही थी बस

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा डबल डेकर बस सोमवार को दिन में करीब 3.30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हैं।

गोसाईगंज के खेमा खेड़ा गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलटने का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बताया कि ड्राइवर को नींद आ जाने से हादसा हुआ है। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची गोसाईगंज पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। 

तीन बच्चों सहित पांच की मौत

मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई हैं। मृतकों में एक महिला एक पुरुष व तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए पीजीआइ और केजीएमयू भेजा गया है। हादसे में मृतकों के साथ ही घायलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

  • मुख्ताज पुत्र हिलाल – 30 वर्ष
  • निशा पुत्री विकास – 20 वर्ष
  • विकास पुत्र रामकेवल – 22 वर्ष
  • रूपेश पुत्र राजमंडल – 25 वर्ष
  • अजय पुत्र भोला – 30 वर्ष
  • चांदनी पत्नी श्याम रावत – 54 वर्ष
  • रीता पत्नी श्याम रावत – 50 वर्ष
  • सुलेखा पत्नी महेश – 30 वर्ष
  • फरमान – 28 वर्ष।

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी विशाख जी, पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सेंगर गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे हैं। दोनों अफसर पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ घायलों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

चश्मदीदों ने बताया कि बस की रफ्तार लगभग 100 किमी प्रतिघंटा थी। हादसा इतना भीषड़ था कि बस पलटने के बाद घायल सड़क पर छिटक गए। करीब 100 मीटर तक बस के टूटे शीशे और अन्य पुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद लोग घायलों में अपनों को खोजते नजर आए।

बताया जा रहा है कि घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पीजीआइ, गोमती नगर, हजरतगंज, आलमबाग दमकल स्टेशन से गाड़ियों को बुलाया गया है। एक्सप्रेस वे पर एक तरफ यातायात रोक कर पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को किनारे किया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेस वे पर वाहनों की कतार लग गई।

यह भी पढ़ें- क्या पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सफर करना सुरक्षित है? विधान परिषद में उठा गुणवत्ता का मामला, विपक्ष ने सरकार को घेरा