विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय प्रशासनिक सेवा को सिर्फ 13 वर्ष में विराम देने वाली दिव्या मित्तल ने जीता था लोगों का विश्वास, दिलाया था न्याय

Published: Sun, 30 Aug 2026 12:37 PM (IST)

Divya Mittal : देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है। मीरजापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है।

उत्तर प्रदेश की 2013 बैच की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल

उत्तर प्रदेश की 2013 बैच की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल

HighLights

  1. बेहतरीन अफसर के साथ ही एक काबिल महिला की अपनी भूमिका में उतरी खरी

  2. दिव्या मित्तल ने बतौर डीएम देवरिया व मीरजापुर के रुप में जीता लोगों का दिल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। इंटर की परीक्षा पास करने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का होता है। इसमें सफल होने वाले अफसर सेवा में पूरे मनोयोग से जुटते भी हैं और एक मुकाम भी हासिल करते हैं। ऐसे ही अफसरों में एक दिव्या मित्तल ने 13 वर्ष की सेवा के बाद त्यागपत्र दिया है।

शानदार महिला के साथ ही बेहतरीन अधिकारी के दिव्या मित्तल के इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां एक के बाद एक इस और आईपीएस अफसर नौकरी क्यों छोड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की 2013 बैच की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है।

साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी। अपने देश में न होना खलता था। मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत, सब इस मिट्टी का कर्ज था मुझ पर, वो कर्ज चुकाना था। चाहती थी जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों। सो लौट आई और IAS अधिकारी बनने का सौभाग्य मिला।

मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आई

मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आयी हूं। सच यह है कि सबसे ज्यादा मैंने ही पाया, और वो कर्ज और भी बढ़ता गया। लोग मेरी खुशी में मुझसे अधिक खुश हुए। उन्होंने मुझे तब भी उसी विश्वास से देखा, जब मैं खुद ही थकी या टूटी थी और इसी ने आगे बढ़ते रहने की हिम्मत दी। इतना प्यार, इतना सम्मान, इतना अपनापन मिला, कि मेरी झोली पूरी भर गयी और इसमें उन साथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी बहुत बड़ा श्रेय है जिन्होंने मेरे कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और साथ डटे रहे।

पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली

उन्होंने आगे लिखा कि आज आभार से आंखें नम हैं। बस एक दृश्य इनमें बसा है। लहुरिया दह की पहाड़ी की वो वृद्ध मां, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली। बस कांपते हाथों से मेरा सिर छूकर आशीर्वाद दे गई, पद तो आज छूट गया, पर वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा और वह सपना भी नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया है।

देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना

इसके आगे उन्होंने लिखा कि बहुत कुछ करने का मौका मिला और बहुत सीखा। देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है। मीरजापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है। मां विंध्यवासिनी के चरणों में बैठकर सीखा कि शक्ति किसी पद से नहीं, उनकी कृपा और लोगों के विश्वास से आती है। सबसे बड़ी सीख यह थी कि अपने लिए देखे सपने तो पूरे हो चुके थे, अब अपने लोगों के लिए देखे सपनों को जीना था। जीवन का असली सुकून उन आंखों में दिखा, जिस परिवार को पहली बार जमीन का हक मिला। जिस दिव्यांग को सम्मान से जीने का अवसर मिला और जिस किसान के खेत को पानी मिला। उनके संघर्षों में साथ चलते हुए मैंने सीखा कि हर सरकारी फ़ाइल के पीछे एक व्यक्ति है, और उसकी गरिमा बनाये रखना ही न्याय है।

फैसले पर रहती थीं अटल

मीरजापुर में जिलाधिकारी रहीं दिव्या मित्तल विकास कार्यों को लेकर काफी चर्चित थीं। राजनेताओं की बातों को दरकिनार कर अपने फैसले पर अडिग रहती थीं। अडिग फैसले का ही परिणाम रहा कि आजादी के लगभग 76 साल बाद जनपद की पहाड़ी पर स्थित लहुरिया दह गांव के लोगों को पहली बार पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति मिली। इसके पहले तक गांव के 1,200 लोग पानी के लिए पास के झरने पर निर्भर थे, जो गर्मियों में सूख जाता था। मीरजापुर के बाद दिव्या मित्तल को बस्ती के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी मिली। मीरजापुर में डीएम के पद पर रहने के दौरान विकास को लेकर काफी सख्त थीं। अधिकारियों को फटकार लगाती रहती थीं। लोगों की मदद करने को लेकर भी वह खूब सुर्खियों में रहीं। दिव्या मित्तल की विदाई पर झूले पर बैठाकर फूलों की बारिश की गई। लोगों का कहना है कि ऐसी विदाई कुछ ही लोगों को नसीब होती है तो वहीं कुछ का कहना है कि ऐसे अधिकारियों को देश को जरूरत हैं, जहां भी रहेंगी, लोगों का भला होगा।

हरियाणा के रेवाड़ी की दिव्या का दिल्ली में हुआ जन्म

दिव्या मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी की निवासी हैं, लेकिन उनका जन्म दिल्ली में ही हुआ। उनकी पढ़ाई भी दिल्ली में ही हुई। 10वीं और 12वीं करने के बाद दिल्ली में ही बीटेक किया। इसके बाद आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया। इसके बाद उनका विवाह हो गया। उनकी और पति गगनदीप सिंह की लंदन में बहुत अच्छे पैकेज पर नौकरी भी लग गई थी, लेकिन देश प्रेम इतना वह वहां ज्यादा दिन तक नहीं रह पाईं। पति-पत्नी ने इस्तीफा देकर लंदन से वापस लौटने का फैसला किया। दिव्या UPSC की तैयारी में जुट गईं। उनका सिलेक्शन 2012 में IPS के लिए हुआ। उन्हें गुजरात कैडर मिला था। IPS की ट्रेनिंग के दौरान भी दिव्या मित्तल ने अपना प्रयास नहीं छोड़ा। कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार अगले साल ही 2013 में उनका IAS के लिए सिलेक्शन हो गया।

एक दर्जन आईएएस अफसरों ने छोड़ी है नौकरी

उत्तर प्रदेश में कार्यरत वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का समय से पहले सेवा से मोहभंग हुआ और यूपी काडर के एक दर्जन आईएएस अधिकारी वीआरएस लेकर सेवा से बाहर हो चुके हैं। राजीव अग्रवाल (1993 बैच), मोहम्मद मुस्तफा (1995 बैच), रेणुका कुमार (1987 बैच), जूथिका पाटणकर (1988 बैच), रिग्जियान सैम्फिल (2003 बैच), विकास गोठलवाल (2003 बैच), विद्या भूषण (2008 बैच), राकेश वर्मा, आरपी सिंह और अभिषेक सिंह (2011 बैच) ने समय से पहले नौकरी छोड़ी है। इसके अलावा अनामिका सिंह (2004 बैच) ने दिसंबर 2025 में वीआरएस मांगा था और केंद्र से मंजूरी के बाद उनका वीआरएस 30 जनवरी 2026 से प्रभावी हुआ। इन अधिकारियों में कुछ ने व्यक्तिगत कारणों को सेवा को छोड़ा।

यह भी पढ़ें- IAS अफसर दिव्या मित्तल ने 13 वर्ष की सेवा के बाद दिया इस्तीफा, विशेष सचिव के पद पर थीं तैनात

यह भी पढ़ें- ट्रांसफर पर हुई थी फूलों की बारिश, अब 13 साल बाद छोड़ी IAS की नौकरी; जानिए क्या है दिव्या मित्तल का अगला प्लान