विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मपाल सिंह राज्यसभा के लिए निर्वाचित, पूर्व सीएम स्वर्गीय कल्याण की प्रतिमा को समर्पित किया निर्वाचन प्रमाण पत्र

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:15 PM (GMT+05:30)

Dharampal Singh UP Rajya Sabha:धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह प्रमाणपत्र हिंदुत्व के पुरोधा बाबू जी के समाज में जनजागरण ...और पढ़ें

HighLights

  1. योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल बोले- यह उपलब्धि कल्याण सिंह को समर्पित

  2. अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर भी धर्मपाल सिंह ने किया माल्यार्पण

  3. यूपी में भाजपा को 2027 में प्रचण्ड बहुमत से जीत दिलाकर सरकार बनाना लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होने पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपार खुशी प्रकट की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।

धर्मपाल सिंह ने निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त होने के पश्चात नगर निगम के झंडी पार्क में स्थापित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह प्रतिमा के चरणों में प्रमाण पत्र समर्पित किया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद सबसे पहले उन्होंने हजरतगंज में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद सीधे बाबू कल्याण सिंह की प्रतिमा पर पहुंचे और अपना प्रमाणपत्र उनके चरणों में समर्पित किया।

प्रमाणपत्र हिंदुत्व के पुरोधा बाबू जी को समर्पित

धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह प्रमाणपत्र हिंदुत्व के पुरोधा बाबू जी के समाज में जनजागरण का प्रतिफल है। यह उपलब्धि धर्मपाल सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है यह उपलब्धि समाज की है इसलिए इसका अधिकारी समाज है। यह स्वयं के लिए भावुक क्षण है और इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि बाबू जी के चरणों में प्रणाम करते हुए उनकी दी हुई सीख पर चलने का प्रयास करूंगा। उनका मार्गदर्शन मेरे राजनैतिक जीवन में खूब मिला है। आज वह भौतिक रूप में हमारे साथ नहीं हैं लेकिन उनकी पारलौकिक छाया मेरे साथ आजीवन रहेगी।

मंडल अध्यक्ष के रूप में पार्टी का कार्यकर्ता बना

धर्मपाल सिंह ने कहा कि उनके जैसे बहुत सामान्य से कार्यकर्ता जिसने मंडल अध्यक्ष के रूप में पार्टी का कार्यकर्ता बनकर काम शुरू किया था आज मेरे जीवन में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी उपलब्धि राज्यसभा के सदस्य के रूप में काम करने का अवसर दिया है। पार्टी और शीर्ष नेतृत्व ने ने उनपर भरोसा जताया है। वे समाज के लोगों को एकजुट कर पूरे उत्तर प्रदेश में जायेंगे और 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए जी जान से मेहनत करेंगे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में राज्यसभा के दसों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, भाजपा के आठ और सपा के दो सदस्य पहुंचेंगे उच्च सदन

यह भी पढ़ें- दलगत राजनीति से ऊपर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धनराज नथवानी, पीएम नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व क्षमता को जमकर सराहा